किसान गर्जना संगठन निकालेगा किसान जन अधिकार आक्रोश रैली,
रेल रोको आंदोलन की तैयारी शुरू,गांव-गांव से किसानों को जुटाने की रणनीति
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।धान खरीदी में 3100 प्रति क्विंटल का भाव दिलाने की मांग को लेकर किसान गर्जना संगठन ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन आगामी 23 नवंबर 2026 को किसान जन अधिकार आक्रोश रैली एवं रेल रोको आंदोलन करेगा। आंदोलन के जरिए किसानों के हक और अधिकारों की आवाज बुलंद करते हुए सरकार से धान खरीदी के वादे को पूरा करने की मांग की जाएगी। आंदोलन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को दीनदयाल पुरम स्थित संगठन के प्रदेश कार्यालय में जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक के बाद पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के साथ जिलेभर के किसानों को एकजुट करने पर जोर दिया गया।
ब्लॉक से गांव तक आंदोलन की तैयारी
बैठक में आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए संगठन को ब्लॉक और ग्राम स्तर तक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक किसान परिवारों को आंदोलन से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने किसानों की समस्याओं, धान खरीदी और उचित मूल्य के मुद्दे पर विचार-विमर्श किया। संगठन ने जिले के किसानों, युवाओं और किसान परिवारों से 23 नवंबर को आयोजित आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
वादे से मुकर गई मप्र सरकार
किसान गर्जना संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने कहा कि सरकार ने किसानों से धान की खरीदी 3100रु प्रति क्विंटल की दर से करने का वादा किया था। अब सरकार को अपने वादे पर अमल करते हुए समितियों के माध्यम से इसी दर पर धान खरीदी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की मेहनत से देश का पेट भरता है, लेकिन अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए उन्हें बार-बार संघर्ष करना पड़ता है।उधर मप्र सरकार अपने वादे से मुकर गई है। इसलिए बड़े आंदोलन की रणनीति बनाई जा रही है।
किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने कहा कि 23 नवंबर का आंदोलन किसानों के हक, सम्मान और सरकार से किए गए वादे को पूरा कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा। संगठन की मांग है कि किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर धान की खरीदी 3100रु प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित की जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि किसानों की मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारियां तेज की जा रही हैं।बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष तोमेश्वर राहगंडालें, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ऐसलाल बिसेन एवं गुलाब तुरकर, जिला युवा अध्यक्ष संतोष बिसेन, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रेशमा कुमरे, डीगेश ठाकरे, पराग न्याय कर, सुरेंद्र दमाहे, लक्ष्मीचंद रिनायत, योगेश पारधी, पवन कुमार बिसेन, गजेंद्र दमाहे, ओमप्रकाश बिसेन, रूपचंद बिसेन और नारायण यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। ब्लॉक स्तर पर कटंगी से भारतलाल बिसेन, लालबर्रा से रामचंद्र शिवहरे, किरनापुर से कमलेश चौधरी, वारासिवनी से नंदकिशोर पंचेश्वर तथा खैरलांजी से अशोक लील्हारे सहित संगठन के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।










































