Meta Muse AI अब पेड यूजर्स की तरफ से अमेरिकी कारोबारियों को फोन कर सकेगा। जानें कैसे काम करेगा AI कॉलिंग फीचर और कितनी है सब्सक्रिप्शन फीस।
अब रेस्टोरेंट में टेबल बुक कराने, इंश्योरेंस एजेंट से बात करने या केबल कंपनी की कस्टमर सर्विस से संपर्क करने के लिए आपको खुद फोन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। Meta का AI असिस्टेंट Muse अब आपकी जगह अमेरिकी कारोबारियों और सर्विस प्रोवाइडर्स को फोन कर सकेगा। कंपनी ने अपने AI एजेंट में यह नया फीचर पेश किया है। फिलहाल यह सुविधा पेड सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी। इसका मकसद रोजमर्रा के उन कामों को आसान बनाना है, जिनके लिए लोगों को फोन पर काफी समय बिताना पड़ता है।
खुद फोन करके काम पूरा करेगा Muse AI
Meta ने सितंबर में अपना पहला कंज्यूमर AI एजेंट Muse लॉन्च किया था। इसके बाद कंपनी लगातार इसमें नए फीचर जोड़ रही है। अब Meta के चीफ AI ऑफिसर अलेक्जेंडर वांग ने X पर जानकारी दी है कि Muse अमेरिकी कारोबारियों को आउटगोइंग कॉल कर सकता है।
यूजर AI असिस्टेंट को बता सकेंगे कि उन्हें कौन सा काम करवाना है। इसके बाद Muse संबंधित बिजनेस को फोन करेगा और बातचीत के जरिए काम पूरा करने की कोशिश करेगा। इसमें रेस्टोरेंट में डिनर के लिए टेबल बुक कराना, इंश्योरेंस एजेंट से जानकारी लेना, केबल कंपनी से संपर्क करना और कस्टमर सर्विस से जुड़ी पूछताछ करना शामिल है। इस फीचर की टेस्टिंग सितंबर में सीमित यूजर्स के साथ शुरू हुई थी। अब इसे पेड सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध कराया गया है।
हर महीने देने होंगे इतने पैसे
Muse का आउटगोइंग कॉलिंग फीचर इस्तेमाल करने के लिए पेड सब्सक्रिप्शन जरूरी है। इसके बेसिक प्लान की कीमत 20 डॉलर (करीब 1,800 रुपये) प्रति महीने से शुरू होती है। इसमें हर सप्ताह 50 करोड़ Muse टोकन मिलते हैं। वहीं, 100 डॉलर (करीब 9,000 रुपये) वाले महंगे प्लान में हर सप्ताह 3 अरब टोकन दिए जाते हैं।
Gemini और Grok भी दे रहे ऐसी सुविधा
AI के जरिए फोन कॉल करने की सुविधा सिर्फ Meta तक सीमित नहीं है। Google अपने Gemini आधारित Call for Me फीचर के जरिए भी कारोबारियों को कॉल करने की सुविधा देता है। हालांकि, यह अमेरिका में चुनिंदा Pixel स्मार्टफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध है। इसके अलावा Grok भी अमेरिका में कारोबारियों और लोगों को आउटगोइंग कॉल कर सकता है। Anthropic का Claude भी AgentPhone जैसे थर्ड-पार्टी इंटीग्रेशन के जरिए AI कॉलिंग की सुविधा देता है।








































