अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहे पति की उसकी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के लिए आरोपियों ने शव और स्कूटी पर ट्रैक्टर तक चढ़ा दिया था। हालांकि, जिला अस्पताल के पांच डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम और पुलिस की तकनीकी जांच ने इस शातिर साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
अलीराजपुर: जिले में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। हत्या करने के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पूरी वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। इसके लिए पति के शव और उसकी स्कूटी पर ट्रैक्टर तक चढ़ा दिया गया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोरधी का है। पुलिस के मुताबिक 12 नवंबर 2026 की शाम करीब 7 बजे गांव के रहने वाले दिलीप पिता अबेसिंह वास्कले की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआत में परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना मानकर मामला दर्ज किया था। उस समय घटनास्थल पर शव और स्कूटी की हालत देखकर मामला हादसे का लग रहा था। लेकिन पुलिस को कुछ बातें ऐसी नजर आईं जिनसे घटना पर शक हुआ।
इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और दिलीप के शव का आलीराजपुर जिला अस्पताल में पांच डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में सामने आया कि दिलीप की मौत सड़क हादसे में नहीं बल्कि गला घोंटने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटना के मामले को हत्या मानकर जांच आगे बढ़ाई।
पांच साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक दिलीप की पत्नी सेंगली के गांव के ही रहने वाले रमेश पिता मोती के साथ पिछले चार से पांच साल से प्रेम संबंध थे। जब दिलीप को पत्नी और रमेश के रिश्ते की जानकारी मिली तो घर में आए दिन विवाद होने लगे। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार झगड़ा और मारपीट भी हुई थी।
चांदपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिलीपसिंह चन्देल के मुताबिक इसी विवाद के चलते सेंगली और उसके प्रेमी रमेश ने दिलीप को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। घटना वाले दिन 12 नवंबर को दिलीप शराब के नशे में था। इसकी जानकारी सेंगली ने फोन करके रमेश को दी। इसके बाद रमेश अपने साथी महेश पिता केमता और सिलदार पिता जुरलिया के साथ वहां पहुंच गया।
घर के पीछे खेत में ले जाकर रस्सी से घोंटा गला
पुलिस जांच के अनुसार, रमेश, महेश और सिलदार ने नशे की हालत में मौजूद दिलीप को उठाया और घर के पीछे तुअर के खेत में ले गए। वहां पीले रंग की रस्सी से उसका गला घोंट दिया। इससे दिलीप की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस वारदात को छिपाने की थी। इसलिए उन्होंने इसे सड़क दुर्घटना दिखाने की योजना बनाई।
इसके लिए दिलीप के शव को उसकी काले रंग की स्कूटी पर रखा गया और चांदपुर-साकड़ी रोड के पास ले जाया गया। इस दौरान दशरिया पिता रेमलिया और नानसिंह उर्फ नानका भी वहां पहुंचे। पुलिस के मुताबिक दशरिया ट्रैक्टर लेकर मौके पर आया था। इसके बाद ट्रैक्टर से शव और स्कूटी को कुचल दिया गया। आरोपियों ने ट्रैक्टर को दो बार आगे-पीछे चलाकर शव और स्कूटी पर चढ़ाया, ताकि देखने वालों को लगे कि दिलीप की मौत सड़क हादसे में हुई है।
वारदात के बाद सभी आरोपी अपने-अपने घर चले गए। पुलिस से बचने के लिए ट्रैक्टर को भी छिपा दिया गया। आरोपियों को लगा कि हत्या को हादसे का रूप देने से किसी को उन पर शक नहीं होगा।
मोबाइल फोन से पुलिस को मिला अहम सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के आसपास तलाशी में एक मोबाइल फोन मिला। जब पुलिस ने तकनीकी जांच कराई तो पता चला कि मोबाइल ग्राम मोरधी के रहने वाले दशरिया पिता रेमलिया का है। इसके बाद पुलिस ने दशरिया की तलाश की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और दूसरे सबूतों के आधार पर पुलिस को हत्या की पूरी कहानी का पता चला।
पत्नी समेत पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी सेंगली, उसके प्रेमी रमेश, महेश, दशरिया और नानसिंह उर्फ नानका को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस वारदात में शामिल सिलदार पिता जुरलिया निवासी ग्राम मोरधी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।









































