नगर में अज्ञात कारणों से पांच पशुओं की हुई मौत ,चार की हालत गंभीर

0

अज्ञात कारणों से हुई घटना से मचा हडक़ंप, पशु मालिक ने पोस्टमार्टम कराने की मांग

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर में आवारा मवेशियों की समस्या के बीच १४ नवंबर की सुबह एक चिंताजनक मामला सामने आया। जहां नगर के अलग अलग स्थानों पर विचरण कर रहे करीब नौ मवेशियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इनमें से पांच मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य मवेशियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जीवित मवेशियों को उनके मालिकों के द्वारा घर ले जाकर उपचार कराया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर मवेशियों की तबीयत बिगडऩे के पीछे अत्यधिक चावल खाने अथवा किसी जहरीले पदार्थ या कीटनाशक के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

अलग अलग स्थानों पर तड़पते मिले मवेशी नपा ने उठाया

प्राप्त जानकारी के अनुसार १३ नवंबर की रात नगर के विभिन्न क्षेत्रों में मवेशी विचरण कर रहे थे। १४ नवंबर की सुबह जब नगरवासियों की नजर इन पर पड़ी तो कई मवेशी अलग अलग स्थानों पर अस्वस्थ अवस्था में पड़े हुए थे। इनमें अंाबेडकर चौक के पास दो, गांधी चौक में एक, वार्ड क्रमांक ३ में श्री नागवंशी के घर के सामने एक तथा पंजाब नेशनल बैंक के पीछे एक मवेशी सहित अन्य स्थानों पर भी मवेशियों के बीमार पड़े होने की जानकारी सामने आई। अचानक इस प्रकार मवेशियों की हालत बिगडऩे से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया और पशु मालिकों में चिंता व्याप्त हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका के द्वारा मृत मवेशियों को हटाने की कार्यवाही की गई। पशु मालिकों के मौके पर नहीं पहुंचने पर नगर पालिका की टीम ने ट्रैक्टर की सहायता से पांचों मृत मवेशियों को उठवाया तथा गड्ढा खुदवाकर उन्हें दफनाने की प्रक्रिया पूरी की। नगर में लंबे समय से आवारा मवेशियों का विचरण करना समस्या बना हुआ है जहां यातायात प्रभावित होता है। नगर पालिका के द्वारा समय समय पर मवेशियों की धरपकड़ कर उन्हें कांजी हाउस में पहुंचाया जाता है ,लेकिन पशु मालिकों के द्वारा उन्हें छुड़ाकर दोबारा सडक़ों पर छोड़ दिए जाने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।

पशु मालिकों ने घर ले जाकर शुरू कराया उपचार

मवेशियों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने पर पशु मालिक दिनेश बैरागी एवं घनश्याम तेलासे ने अपने अपने एक एक मवेशी को तत्काल घर पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। वहीं पशु मालिक सुनील कारसरपे ने भी नगर में जीवित अवस्था में पड़े दो मवेशियों को अपने घर ले जाकर उनका उपचार प्रारंभ करवाया। हालांकि तब तक पांच मवेशियों की मौत हो चुकी थी। घटना से चिंतित सुनील कारसरपे ने पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मवेशियों का पोस्टमार्टम करवाकर उनकी अचानक हुई मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here