लालबर्रा में ३ दिसंबर से लगेगा दो दिवसीय विशाल नि: शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर

0

बैठक में क्षेत्रीयजनों को शिविर का लाभ दिलवाने सहित अन्य बिन्दुओं पर की गई चर्चा

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। क्षेत्र के नागरिकों को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर चिकित्सा परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर मुख्यालय स्थित शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा के प्रांगण में एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर आगामी ३ और ४ दिसंबर को प्रात: १०.३० बजे से शाम ४.३० बजे तक आयोजित होगा। शिविर को सफल बनाने और इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए नगर मुख्यालय स्थित शासकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई। यह महत्वपूर्ण बैठक पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग की सदस्य मौसम बिसेन, जनपद उपाध्यक्ष किशोर पालीवाल, भाजपा मंडल लालबर्रा अध्यक्ष प्रसन्न अवधिया, पनबिहरी सरपंच विरेन्द्र बनवाले, और बीएमओ. डॉ. रितु धुर्वे सहित क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के सरपंचों एवं गणमान्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित की गई।

भोपाल के सुपर स्पेशियलिटी विशेषज्ञों द्वारा दी जायेगी सेवाएं

बैठक में उपस्थितजनों को जानकारी दी गई कि चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल भोपाल के सहयोग से इस दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में भोपाल से आने वाले सुपर स्पेशियलिटी विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा क्षेत्रभर से पहुंचने वाले मरीजों का नि:शुल्क परीक्षण और उपचार किया जायेगा। आयोजित शिविर में कैंसर रोग, अस्थि रोग (हड्डी), स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, चर्म रोग और अन्य गंभीर बीमारियों का विशेषज्ञ परामर्श व उपचार किया जायेगा एवं नि:शुल्क दवाईयां प्रदान की जायेगी। वहीं गंभीर बीमारियों से ग्रसित पाये जाने वाले मरीजों को आगे के उच्च उपचार हेतु भोपाल भेजा जायेगा। साथ ही आयोजित शिविर में विभिन्न प्रकार की खून से संबंधित जांचें की जायेगी, डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी, इको, ईसीजी नेत्र (आँख) परीक्षण, डायबिटीज (मधुमेह) और फेफड़ों की कार्यक्षमता का परीक्षण किया जायेगा। वहीं बैठक के दौरान शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया, ताकि लालबर्रा क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों के अधिक से अधिक लोग इस महाअभियान का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को जिम्मेदारी व दायित्व भी सौंपे गये हैं, जिससे हर जरूरतमंद व्यक्ति तक इस स्वास्थ्य शिविर की जानकारी पहुंच सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here