बोले- वन क्षेत्र से शव लाकर किसान के खेत में किया अंतिम संस्कार, फिर वहीं खंभे और तार लगवाकर बना दिया आरोपी
पूर्व विधायक दरबू सिंह उइके, सरपंच कुंवर सिंह मेरावी सहित ग्रामीणों ने उठाए कार्रवाई पर सवाल फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। जिले में वन्यजीवों की करंट से हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी बाघ तो कभी तेंदुआ बिजली के अवैध करंट की चपेट में आकर अपनी जान गंवा रहे हैं। वन विभाग इन घटनाओं में शिकार के लिए करंट बिछाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, लेकिन अब वन विभाग की कार्रवाई ही सवालों के घेरे में आ गई है। वन ग्राम नाटा की सीमा से लगे क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से हुई एक तेंदुए की मौत के मामले में वन विभाग द्वारा 7 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर निर्दोष आदिवासी किसानों को झूठे मामले में फंसाने और बेवजह प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।इस मामले में पूर्व विधायक दरबू सिंह उइके, ग्राम पंचायत नाटा के सरपंच कुंवर सिंह मेरावी और ग्रामीणों ने खुलकर नाराजगी जाहिर करते हुए विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि जिस स्थान पर तेंदुए की मौत हुई, वहां से उसका शव लाकर एक आदिवासी किसान के खेत में अंतिम संस्कार किया गया और बाद में उसी खेत में लकड़ी के खंभे तथा बिजली के तार लगवाकर ग्रामीणों को आरोपी बना दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। केवल संदेह के आधार पर किसी किसान को अपराधी बनाकर जेल भेजना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने वन विभाग से पूरे मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने और निर्दोष लोगों को रिहा करने की मांग की है।
इन 7 ग्रामीणों को भेजा गया बैहर जेल
वन विभाग ने तेंदुए की मौत के मामले में जिन 7 ग्रामीणों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, उनमें सुखचैन पिता शंकर सैयाम, दोहन पिता थानी लाल मरावी, घनश्याम पिता छबिलाल बरकड़े, राकेश पिता दिलीप बागपेच, निरोत्तम पिता फूल सिंह वट्टी, पुरुषोत्तम पिता फूल सिंह वट्टी और धनेश्वर पिता फूल सिंह वट्टी के नाम शामिल हैं। इन सभी को बैहर जेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। इन ग्रामीणों की गिरफ्तारी के बाद गांव में नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले में यदि किसी ने वन्यजीवों के शिकार के लिए करंट बिछाया है तो उसकी पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन बिना ठोस आधार के किसी को आरोपी नहीं बनाया जाना चाहिए।
चार दिन पुराना मिला था तेंदुए का शव, करंट से मौत की जताई गई थी आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विकास निगम लामता परियोजना के अंतर्गत वन ग्राम नाटा की सीमा से लगे राजस्व क्षेत्र में एक तेंदुए का शव बरामद हुआ था। बताया गया कि तेंदुए की मौत बिजली के करंट की चपेट में आने से हुई थी और शव करीब चार दिन पुराना था। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वन विभाग द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की गई। इसके बाद मामले में ग्रामीणों से पूछताछ की गई और कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर बैहर जेल भेज दिया गया।
कार्यवाही को लेकर विभाग और ग्रामीण आमने सामने
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद जहां वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से अवैध करंट बिछाने वालों के विरुद्ध सख्ती की बात सामने आई, वहीं दूसरी ओर गिरफ्तार ग्रामीणों के परिजनों और गांव के लोगों ने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए विरोध शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि तेंदुए की मौत वास्तव में किस स्थान पर और किन परिस्थितियों में हुई। यदि किसी ने जानबूझकर करंट बिछाकर वन्यजीव का शिकार किया है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष किसानों को मामले में फंसाकर जेल भेजना उचित नहीं है।
वन क्षेत्र से शव लाकर खेत में अंतिम संस्कार कराने का आरोप
ग्रामीणों ने इस मामले में वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सबसे गंभीर सवाल तेंदुए के शव के अंतिम संस्कार को लेकर उठाए हैं। पूर्व विधायक दरबू सिंह उइके, सरपंच कुंवर सिंह मेरावी और ग्रामीणों का आरोप है कि तेंदुए का शव वन क्षेत्र में मिला था, लेकिन उसे आदिवासी किसान के खेत में लाकर अग्नि संस्कार कराया गया। इसके बाद उसी खेत में लकड़ी के खंभे और बिजली के तार लगवाकर संबंधित किसानों को आरोपी बना दिया गया। ग्रामीणों का सवाल है कि यदि खेत में करंट बिछाने के साक्ष्य मिले थे तो उनकी वास्तविक स्थिति, बरामदगी और घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच क्यों नहीं कराई जा रही है? उनका आरोप है कि विभाग ने जिस तरह कार्रवाई की है, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पहले ग्रामीणों को आरोपी बनाया गया और उसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।वन विभाग की ओर से मामले में की गई जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही कार्यवाही किए जाने कि बात कही गई हैं।
एक सप्ताह पहले करंट से हुई थी बाघ की मौत, दो ग्रामीण हिरासत में लिए गए थे
गौरतलब है कि जिले में वन्यजीवों की करंट से मौत का यह कोई पहला मामला नहीं है। तेंदुए की घटना से करीब एक सप्ताह पहले परसवाड़ा क्षेत्र के खुरमुंडी जंगल के कक्ष क्रमांक 1582 में एक नर बाघ की मौत का मामला सामने आया था। बताया गया था कि जंगली सूकर के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से बाघ की मौत हुई थी। जंगल में गश्त के दौरान बाघ का शव मिलने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू की थी। डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए गए और इस मामले में खरकाटोला निवासी दल्लू और लोखराम नामक दो ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया था। इस घटना ने भी जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगलों के आसपास अवैध रूप से बिजली के तार बिछाकर शिकार किए जाने के खतरे को उजागर किया था।
2024 में भी सामने आया था बाघ के शिकार और शव जलाने का मामला
इससे पहले वर्ष 2024 में भी लामता क्षेत्र में करंट लगाकर बाघ को मारने और उसके शव को जलाने का गंभीर मामला सामने आया था। उस घटना में बाघ के पैर काटकर उसके नाखून और खाल निकालने की बात सामने आई थी। वन विभाग ने मामले की जांच के बाद 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं बताती हैं कि जंगली सूकर सहित अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए खेतों और जंगलों के आसपास अवैध बिजली के तार बिछाना वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। हालांकि नाटा के तेंदुए की मौत के मामले में ग्रामीणों ने जिस तरह से जांच और गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं, उससे यह मामला अब वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ निर्दोष ग्रामीणों को न्याय दिलाने का भी विषय बन गया है।
अब निष्पक्ष जांच और वन विभाग के जवाब का इंतजार
एक तरफ वन विभाग वन्यजीवों के अवैध शिकार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ नाटा के ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों ने विभाग की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि तेंदुए की मौत के वास्तविक घटनास्थल, करंट के तारों की बरामदगी, लकड़ी के खंभों की स्थिति और अन्य भौतिक साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि तेंदुए का शव कहां मिला था और उसका अंतिम संस्कार किस स्थान पर कराया गया। पूर्व विधायक, सरपंच और ग्रामीणों ने साफ कहा है कि वन्यजीवों की हत्या करने वालों को किसी भी कीमत पर बचाया नहीं जाना चाहिए, लेकिन निर्दोष आदिवासी किसानों को भी झूठे मामले में फंसाकर उनकी जिंदगी बर्बाद नहीं की जानी चाहिए।
मौत की असली वजह सामने आना जरूरी- दरबू सिंह
इस पूरे मामले में पूर्व विधायक दरबू सिंह उइके ने ग्रामीणों के पक्ष में आवाज उठाते हुए वन विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि वन्यजीवों की मौत निश्चित रूप से गंभीर विषय है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन जांच के नाम पर निर्दोष आदिवासी किसानों को प्रताड़ित करना उचित नहीं है। तेंदुए की मौत कैसे हुई और …









































