पंचायत की अनदेखी, १५ दिन से खुला पड़ा गड्डा दे रहा हादसों को निमंत्रण, ३ माह से सूखे पड़े नल

0

गड्डा खुला रहने से हो रहे हादसे, नल-जल योजना का पानी नही मिलने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त, जिम्मेदार मौन
ग्रामीणों ने मरम्मत कार्य करवाकर गड्डे को बंद करवाने एवं नियमित रूप से पानी प्रदाय करने की मांग की

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग ४ किमी. दूर ग्राम पंचायत मोहगांव (बोरी) के मंदिरटोला में जिम्मेदारों की उदासीनता ग्रामीणों एवं राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। गांव के मुख्य मार्ग पर करीब १५ दिन पहले नल-जल योजना की पाइपलाइन के वॉल में आई खराबी को दुरूस्त करने के लिए खोदे गये गड्डे को अब तक नही भरा गया है, न ही मरम्मत कार्य किया गया है। वहीं तीन माह पहले बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन का कार्य पूर्ण होने के बाद भी ग्रामीणजनोंं को पानी प्रदाय नही किया जा रहा है। इस तरह से ग्रामीणजनों को नल-जल योजना का तीन माह से पानी नही मिल रहा है। साथ ही सडक़ किनारे, आंगनवाड़ी भवन के सामने खोदे गये गड्डे के कारण आने-जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है एवं लोग दुर्घटना का शिकार भी हो रहे है। वहीं उक्त स्थान पर प्रकाश की व्यवस्था नही होने पर शनिवार की रात में मोटरसाइकिल चालक दुर्घटना का शिकार हो गया किन्तु धीमी गति से वाहन होने के कारण मामूली चोटे आई है। जबकि इस मार्ग से बोरी, मोहगांव सहित अन्य ग्रामों के ग्रमीणजन एवं राहगीर आवागमन करते है और वर्तमान में मंडई का दौर जारी है। क्षेत्रीयजन रात्रि के समय मंडई में होने वाले कार्यक्रमों को देखने के लिए आवागमन करते है लेकिन दुर से गड्डा दिखाई नही देने से उन्हे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही समीपस्थ आंगनवाड़ी केन्द्र स्थित है, नौनिहाल बच्चें पढऩे आते है, अगर वे खेलते हुए गड्डे के समीप जाते है तो वे भी दुर्घटना का शिकार हो सकते है। इस समस्या से कई बार पंचायत के जिम्मेदारों को अवगत करवा चुके है लेकिन कोई ध्यान नही दिया जा रहा है, जिससे सभी में रोष व्याप्त है।

आपकों बता दे कि ग्राम पंचायत मोहगांव (बोरी) के अंतर्गत आने वाले ग्राम मंदिरटोला में नल-जल योजना के तहत पुरानी पाइपलाइन खराब हो जाने के कारण नियमित रूप से पानी नही मिल पा रहा था। जिसके बाद पीएचई विभाग के माध्यम से तीन माह पूर्व नवीन पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया है। साथ ही आंगनवाड़ी भवन के सामने नल-जल योजना की पाइपलाइन का वॉल में तकनीकी खराबी आने पर उसे दुरूस्त करने के लिए १५ दिन पूर्व पंचायत के द्वारा गड्डा खुदवाया गया है किन्तु अब तक उसे दुरूस्त नही किया गया है, न ही गड्डे को भरा गया है। ऐसी स्थिति में यह बड़ा गड्डा दुर से दिखाई नही देने पर आवागमन करने वालों को परेशानी हो रही है एवं दुर्घटनाएं भी घटित हो रही है। जबकि उक्त गड्डा सडक़ की मोड़ाई पर किनारे स्थित है, ऐसी स्थिति में हर समय बड़ी दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है। साथ ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य करीब तीन माह पूर्व पूरा हो जाने के बाद भी नल की टोटियों में एक बूंद पानी नही आ रहा है, ऐसी स्थिति में ग्रामीणजनों को दुर स्थित हेंडपंप एवं कुओं से पानी लाना पड़ रहा है। इस तरह से प्रशासन की उदासीनता के चलते ग्रामीणजनों को पानी सहित अन्य समस्याओं से जुझना पड़ रहा है। वहीं उक्त समस्या से कई बार जिम्मेदारों को अवगत भी करवा चुके है लेकिन कोई ध्यान नही दिया जा रहा है, जिससे सभी में प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है। ग्रामीणजनों ने सडक़ किनारे, आंगनवाड़ी भवन के सामने खोदे गये गड्डे को जल्द भरने एवं नई पाइपलाइन के माध्यम से नलों में पानी प्रदाय करने की मांग की है।

मोहगांव (बोरी) पंचायत के सचिव यशवंत रंगारे से दूरभाष पर आंगनवाड़ी भवन के सामने सडक़ किनारे खोदे गये गड्डे को भरने, नल-जल योजना का पानी नियमित रूप से ग्रामीणों को प्रदाय करने के संबंध में चर्चा करने का प्रयास किया गया किन्तु संपर्क नही हो पाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here