आर्यिका माताजी के सानिध्य में कार्यक्रम हुआ संपन्न
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के भाजी मंडी परिसर में श्री दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में पिछिका परिवर्तन महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा,भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम आर्यिका सिद्धांतमती माताजी, आर्यिका विनयमती माताजी एवं आर्यिका पुनीतमती माताजी के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समाज के महिला पुरुषों एवं श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधि विधान के साथ पूज्य आचार्य के पूजन एवं मंगलाचरण कर किया गया। इसके पश्चात शास्त्रदान की बोली लगाई गई और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप पिछिका परिवर्तन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान माताजी की पुरानी पिछिका को जैन धर्म के सिद्धांतों का पालन करते हुए संयम जीवन ग्रहण करने वाले व्यक्ति को सौंपा गया तथा नई पिछिका माताजी को प्रदान की गई। संपूर्ण कार्यक्रम धार्मिक विधि विधान और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने माताजी के प्रवचन एवं सानिध्य का लाभ प्राप्त किया। आर्यिका माताजी के नगर आगमन के पश्चात उनके चातुर्मास प्रारंभ होने पर समाजजनों के द्वारा दिगंबर जैन मंदिर में विधि विधान से कलश स्थापना की गई थी। इसके बाद पूरे चातुर्मास काल में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। चातुर्मास पर्व के समापन अवसर पर पिछिका परिवर्तन महोत्सव का आयोजन किया गया जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. योगेंद्र निर्मल ,विधायक विवेक पटेल ने भी विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने आर्यिका माताजी का आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस धार्मिक आयोजन ने समाज में धर्म, संयम,अहिंसा और संस्कारों के महत्व को पुन: रेखांकित किया। आकाश सिंघई ने बताया की पिछिका परिवर्तन महोत्सव आयोजित किया गया है माता जी के आगमन पर चातुर्मास प्रारंभ हुआ तो कलश स्थापना की गई थी इसका समापन है। इस पूरे समय विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए दशलक्षण पर्व मनाया गया। विभिन्न विधान हुए इस प्रकार सामाजिक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते रहे और आज माताजी का पिछिका परिवर्तन है फि र उनकी इच्छा पर आगे गमन होगा। इस अवसर पर जैन समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










































