रायपुर के Apple Store से चोरी हुए 125 iPhone बड़वानी में मिले, विदेश भागने की फिराक में था आरोपी

0

रायपुर स्थित Apple Store से करीब 2 करोड़ रुपये के iPhone चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। बड़वानी जिले के जुलवानिया से पुलिस ने 1.5 करोड़ रुपये कीमत के 125 iPhone बरामद किए हैं। चोरी के मोबाइल ठिकाने लगाने वाला आरोपी सफान खान इन्हें कोरियर से भेजकर विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे मुंबई एयरपोर्ट के पास गिरफ्तार किया है।

बड़वानी: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के Apple Store में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की चोरी का बड़वानी कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने जिले के जुलवानिया से 1.5 करोड़ रुपये कीमत के 125 iPhone बरामद किए हैं। ये फोन कमाल खान मस्जिद के पास स्थित एक मकान में बॉक्स के अंदर पैक करके रखे गए थे। चोरी के मोबाइल ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी संभाल रहा आरोपी सफान खान विदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कोरियर से जुलवानिया भेजे थे चोरी के iPhone

रायपुर पुलिस की टीम आरोपी सफान खान को लेकर जुलवानिया पहुंची। उसकी निशानदेही पर कमाल खान मस्जिद के पास रहने वाले मोहसिन के मकान से 125 iPhone बरामद किए गए। जुलवानिया थाना प्रभारी सौरभ बाथम के मुताबिक, सफान खान ने ये फोन कोरियर के जरिए मोहसिन के पास भेजे थे और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए कहा था। आरोपी ने बाद में आकर फोन ले जाने की बात कही थी।

सफान खान मूल रूप से बड़वानी जिले के राजपुर क्षेत्र का रहने वाला है। वह कुछ साल पहले इंदौर शिफ्ट हो गया था। रायपुर पुलिस ने उसे आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाने से पहले राजपुर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड भी प्राप्त किया।

31 अक्टूबर की रात Apple Store में हुई थी चोरी

पुलिस के मुताबिक, रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित आई नेक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के Apple Store में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरमियानी रात चोरी हुई थी। बदमाश दुकान का शटर उठाकर 173 iPhone, Apple Watch, हेडफोन और एयरपॉड्स समेत करीब 2 करोड़ रुपये का सामान ले गए थे। आरोपी दुकान में लगा CCTV DVR भी निकालकर ले गए थे। इस मामले में तेलीबांधा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत केस दर्ज किया गया था।

1 हजार से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद मिला सुराग

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए 250 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र के एक हजार से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा 1100 मोबाइल टावरों के डेटा और 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया।

करीब 25 दिनों तक चार राज्यों में 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की मदद से कार्रवाई की गई। जांच में देवास जिले के टोंक खुर्द निवासी राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश झाला की भूमिका सामने आई।

दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, राजेश झाला ने अपने बेटे राज झाला और साथी राजेश लोधी के साथ मिलकर चोरी करने और मोबाइल फोन इंदौर में सफान खान को सौंपने की बात कबूल की है। इस मामले में राजेश झाला और सफान खान गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि राज झाला और राजेश लोधी फरार हैं। पुलिस को आशंका है कि चोरी किए गए मोबाइल फोन बांग्लादेश और नेपाल तक भेजे जा रहे थे। गिरोह की अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here