खबर प्रकाशन के बाद हरकत में आया प्रबंधन
अब परिजनों को शव घर ले जाने के लिए नहीं उठानी पड़ रही निजी वाहन की परेशानी
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।जिला अस्पताल में शव वाहन की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद जरूरतमंद परिजनों को इसका लाभ नहीं मिल पाने और मजबूरी में निजी वाहन से शव घर ले जाने की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद आखिरकार इसका असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रबंधन ने खराब पड़े शव वाहनों को दुरुस्त करा दिया है। अब जरूरतमंदों को शव घर तक ले जाने के लिए निशुल्क शव वाहन सेवा का लाभ मिलने लगा है।ज्ञात हो कि विगत दिवस जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत के बाद परिजनों को शव घर ले जाने के लिए शव वाहन उपलब्ध नहीं हो पाया था। शासन की ओर से जिला अस्पताल में शव वाहन की व्यवस्था होने के बावजूद परिजनों को निजी वाहन का इंतजाम करना पड़ा था। इस मामले में परिजनों ने पदमेश न्यूज़ सवांददाता से शिकायत करते हुए,शव वाहन व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की थी। इसके बाद पदमेश न्यूज ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था।साथ ही प्रबंधन से भी चर्चा की थी।जिसके बाद इस व्यवस्था में सुधार लाया गया है।
मात्र 2 शव वाहनों के भरोसे है पूरा बालाघाट जिला
आपको बताए कि 10 तहसीलो वाले बालाघाट जिले में महज दो शव वाहन हैं, जिनमें से एक वाहन करीब सप्ताहभर से खराब पड़ा था।इस संबंध में 108 एवं शव वाहन व्यवस्था का प्रबंधन संभाल रहे जिला प्रबंधक पवन जैतवार ने बताया था कि जिलेभर की जिम्मेदारी केवल दो शव वाहनों पर है। इनमें एक वाहन का पहिया खराब होने के कारण वह करीब एक सप्ताह से बंद पड़ा था, जिसे सुधरवाया जा रहा है। खबर प्रकाशित होने के बाद खराब वाहन को दुरुस्त करा लिया गया है और अब शव वाहन सेवा सुचारू रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।
सवाल उठाने पर सुधरी व्यवस्था
इस पूरे मामले ने एक बार फिर साबित किया है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जिम्मेदारों तक समस्या पहुंचती है और व्यवस्था में सुधार की गुंजाइश बनती है। हालांकि अब शव वाहन दुरुस्त होने से जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली है, लेकिन भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा निर्मित न हो, इसके लिए प्रबंधन को दोनों वाहनों की नियमित देखरेख और जरूरत के समय उनकी उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।साथ ही,जिले के लिए अतिरिक्त शव वाहनों की डिमांड भी भेजनी होती ताकि 10 तहसीलो वाले बालाघाट जिले को और अधिक शव वाहन मिल सके,जिससे जरूरत मंदो को उनकी तहसील मुख्यालय में ही शव वाहन आसानी से उपलब्ध हो सके।










































