लालबर्रा के वन ग्राम कल्याणपुर (चिखलाबड्डी) की घटना, माता-पिता का इकलौता बेटा था मृतक सौरभ
वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, परिजनों को दी गई ५० हजार की तात्कालिक सहायता
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। दक्षिण सामान्य वन मंडल लालबर्रा के अंतर्गत आने वाले वन परिक्षेत्र कल्याणपुर के ग्राम चिखलाबड्डी (कक्ष क्रमांक ४२७, भाग-२) में शुक्रवार को बाघ के हमले से १२ वर्षीय बालक सौरभ मरकाम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बांस कटाई के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार दक्षिण सामान्य वन मंडल लालबर्रा के वन ग्राम कल्याणपुर-चिखलाबड्डी के कक्ष क्रमांक ४२७ में वर्तमान में बांस (कुप) कटाई का कार्य चल रहा है। इसके लिए परसवाड़ा क्षेत्र के ग्राम कलेगांव (कुमादेवी) और चिखलाबड्डी के मजदूर जंगल में काम कर रहे हैं। बांस कटाई का कार्य करने वाले मजदूर चिखलाबड्डी में तंबू बनाकर रहते है, जिनके साथ उनके बच्चें भी रहते है। लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर वन विभाग को पुख्ता इंतजाम करना चाहिए। शुक्रवार को १२ वर्षीय सौरभ भी अपने माता-पिता के साथ जंगल गया हुआ था। दोपहर २ बजे के बाद भोजन करने के बाद जब उसके माता-पिता अन्य मजदूरों के साथ बांस काटने में व्यस्त थे और सौरभ पास ही खेल रहा था। तभी झाडिय़ों से निकलकर एक बाघ ने उस पर हमला कर दिया और उसे मुंह में दबाकर जंगल की ओर भागने लगा। वहीं बच्चे की चीख और बाघ को देख उसकी माँएवं पिता व अन्य मजदूरों ने शोर मचाते हुए बाघ का पीछा किया। जिसके बाद लोगों की आहट और शोर सुनकर बाघ कुछ दूरी पर घायल बच्चे को छोडक़र भाग गया। बाघ के हमले से १२ वर्षीय मासूम लहुलुहान हो गया था, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल सौरभ को तत्काल उपचार के लिए लालबर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की जानकारी लगने के बाद वन विभाग के एसडीओं श्री मेहरा, दक्षिण सामान्य वन मंडल लालबर्रा के रेंजर वेदात गौतम सहित अन्य वनकर्मी अस्पताल पहुंचे और अन्य वनकर्मी एवं परिजनों से घटना की जानकारी ली। जिसके बाद वन विभाग एवं पुलिस विभाग के द्वारा आवश्यक कार्यवाही करने के बाद मृत बच्चें का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ प्रभावित क्षेत्र में कार्य के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किये गये और एक नाबालिग बच्चे को कार्यस्थल (जंगल) के भीतर जाने की अनुमति कैसे मिली। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीडि़त परिवार को ५० हजार रूपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं विभाग ने शासन की ओर से मिलने वाला निर्धारित मुआवजा जल्द दिलवाने का आश्वासन दिया है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि मजदूरों के साथ ८ से १० बच्चें है और वन विभाग को नियमों का पालन करते हुए मजदूरों को उनके बच्चों को साथ न लाने निर्देशित किया जाना चाहिए था या फिर बच्चों को लेकर जंगल न लेकर जाने कहा जाना चाहिए था लेकिन ऐसा नही किया गया है। जबकि सोनेवानी अनुभव भ्रमण क्षेत्र में बहुतायत संख्या में बाघ सहित अन्य वन्यप्राणी है। लेकिन मजदूरों की सुरक्षा नही किये जाने से वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे है।
बाईट – १. श्रीमती बुधधोबाई मरकाम मृत बच्चें की माँ।










































