दिसंबर के पहले सप्ताह में इंदौर में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार

0

शहर में पिछले दो दिनों से शहर के मौसम में परिवर्तन दिखाई दे रहा है और तापमान में हल्की गिरावट दिखाई दे रही है। विगत दो दिनों से दिन और रात के तापमान में एक डिग्री तापमान कम हो रहा है। शुक्रवार सुबह शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 15.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 30.2 डिग्री दर्ज किया गया। अभी बादल कम छाए रहने के कारण तापमान में कमी दिखाई दे रही है।

दिन के समय जहां गर्मी का एहसास हो रहा है, वहीं सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है। शुक्रवार सुबह हल्की धुंध के कारण दृश्यता न्यूनतम 3000 मीटर तक रही। वहीं सुबह के समय हवाएं शांत रही, हवाओं का रुख दक्षिणी पूर्वी रहा। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इंदौर में अगले तीन से चार दिन मौसम सामान्य के आसपास रहेगा।

दक्षिणी अंडमान क्षेत्र में 29 और 30 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होगा। इसके असर से इंदौर और होशंगाबाद में एक और दो दिसंबर को बादल होने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। ऐसे में दिसंबर के दूसरे सप्ताह में इंदौर में ठंड का तेज असर दिखाई देगा। इस वर्ष अभी तक हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय हुए हैं, इस वजह से भी ठंड का असर अभी कम दिखाई दे रहा है। यह संभावना दिखाई दे रही है कि दिसंबर माह के अंत तक इंदौर में कड़ाके की सर्दी होगी साथ ही कोहरे का असर भी दिखाई देगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here