इंदौर के सरकारी सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों और स्टाफ में विवाद हुआ। इस विवाद के कारण आईसीयू में हंगामा और तोड़फोड़ की स्थिति बन गई थी। डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को अपनी सुरक्षा के लिए वहां से बाहर निकलना पड़ा थाइंदौर: सरकारी सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल में मंगलवार शाम एक मरीज की मौत के बाद परिजन और मेडिकल स्टाफ के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर ICU में हंगामे और तोड़फोड़ की स्थिति बन गई। घटना अस्पताल की छठी मंजिल पर स्थित ICU में शाम करीब 7 बजे हुई। हंगामे के दौरान डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को अपनी सुरक्षा के लिए वहां से बाहर निकलना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।मरीज के दिल में थे ब्लॉकेज
मृतक की पहचान 60 वर्षीय ताहिरा कपाड़िया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ताहिरा को पिछले रविवार को तबीयत खराब होने के बाद एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार का कहना है कि डॉक्टरों ने उनके दिल में ब्लॉकेज की जानकारी दी थी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल लाया गया था।
मोईज के मुताबिक मंगलवार को ताहिरा कपाड़िया को ऑपरेशन के लिए ले जाया गया था। परिवार का कहना है कि ऑपरेशन से पहले ताहिरा कपाड़िया सामान्य स्थिति में थीं और परिवार के लोगों से बातचीत भी कर रही थीं। ऑपरेशन थिएटर ले जाने के करीब 20 मिनट बाद एक डॉक्टर बाहर आए और इमरजेंसी की बात कही।
सीपीआर देने के बाद भी मौत
मोईज के मुताबिक इसके बाद डॉक्टर वहां से चले गए। परिवार का कहना है कि उस समय तक ताहिरा कपाड़िया की सांसें चल रही थीं। इसके बाद नर्सिंग स्टाफ के दो कर्मचारियों ने सीपीआर दिया। कुछ देर बाद ताहिरा कपाड़िया की मौत हो गई।
मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों ने इलाज के संबंध में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से जानकारी लेने की कोशिश की। इसी दौरान कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद परिवार के एक युवक ने डॉक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
ICU में उपकरण फेंकने का आरोप
विवाद के दौरान परिवार के युवक द्वारा ICU में रखे कुछ मेडिकल उपकरण उठाकर फेंकने का भी आरोप है। घटना के बाद ICU में मौजूद मेडिकल स्टाफ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ सुरक्षा के लिए ICU से बाहर निकल गए।
हंगामे के दौरान ICU में भर्ती दूसरे मरीजों और मरीजों के परिजन भी घबरा गए। अस्पताल के संवेदनशील हिस्से में कुछ समय के लिए उपचार व्यवस्था प्रभावित हुई। घटना के बाद ताहिरा कपाड़िया का शव भी काफी देर तक ICU में रखा रहा।
बाद में पुलिस की मौजूदगी में परिजन और डॉक्टर के बीच बातचीत कर मामला शांत कराने की कोशिश की गई। बातचीत के बाद तय किया गया कि पांच परिजन पुलिस की मौजूदगी में डॉक्टर के साथ ICU के अंदर जाएंगे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की। अस्पताल परिसर में स्थिति दोबारा न बिगड़े, इसके लिए पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों से बातचीत की गई।










































