Angkrish Raghuvanshi Fined: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रविवार (26 अप्रैल) शाम को खेले गए लखनऊ-कोलकाता आईपीएल 2026 मैच में एक अजीब घटना हुई। कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के दौरान अंगकृष रघुवंशी अजीबोगरीब ढंग से आउट हुए। वो ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड (Obstructing The Field) के दोषी पाए गए, यानी रन लेने के दौरान फील्डिंग टीम के खेल में बाधा डालने के वो दोषी पाए गए और उसके बाद जो उन्होंने किया इसके चलते अब आचार संहिता के उल्लंघन के लिए अंगकृष रघुवंशी पर उनकी मैच फीस का 20% जुर्माना लगाया गया है।
अंगकृष रघुवंशी पर जुर्माने के साथ-साथ आईपीएल की आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है। रघुवंशी को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो “मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या कपड़े, मैदान के उपकरण या फिक्स्चर और फिटिंग के दुरुपयोग” से संबंधित है।
आखिर आउट होने के बाद रघुवंशी ने क्या किया था?
लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच के दौरान यह घटना कोलकाता की पारी के 5वें ओवर में हुई, जब ‘मैदान में बाधा डालने’ के कारण आउट होने के बाद, रघुवंशी ने आक्रामक तरीके से अपने बल्ले से बाउंड्री कुशन पर प्रहार किया और बाद में इसी तरह से अपना हेलमेट डगआउट में फेंक दिया। रघुवंशी ने अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।
रोमांचक मैच रहा टाई, नीरस सुपर ओवर में आसानी से केकेआर जीता
इस मैच में कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिंकू सिंह (नाबाद 83 रन) के दम पर 7 विकेट पर 155 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी लखनऊ की टीम अंतिम गेंद तक पहुंची जहां उन्हें स्कोर बराबर करने के लिए छक्के की जरूरत थी। मोहम्मद शमी ने कार्तिक त्यागी की अंतिम गेंद पर छक्का लगा दिया और मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में लखनऊ की टीम शर्मनाक ढंग से सिर्फ 1 रन ही बना सकी और अपने दोनों विकेट गंवा दिए। कोलकाता ने सुपर ओवर की अपनी बल्लेबाजी में रिंकू सिंह द्वारा पहली ही गेंद पर चौका लगाने से आसानी से जीत दर्ज कर ली।









































