Sourav Ganguly Appointed as Delhi Capitals Head Coach: टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली आईपीएल 2027 में एक बार फिर नई भूमिका में नजर आएंगे। दिल्ली कैपिटल्स के साथ पहले अलग-अलग भूमिकाओं में जिम्मेदारियां निभा चुके सौरव गांगुली को इस बार टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।Sourav Ganguly New DC Coach For IPL 2027: मंगलवार को भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को 2027 इंडियन प्रीमियर लीग सीजन (IPL 2027) के लिए दिल्ली कैपिटल्स का हेड कोच नियुक्त किया गया। उन्होंने हेमंग बदानी की जगह ली है। गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ाव 2019 में शुरू हुआ था, जब वह एक सलाहकार के तौर पर फ्रेंचाइजी से जुड़े थे। इन सालों में, 54 वर्षीय गांगुली ने कैपिटल्स के साथ कई लीडरशिप भूमिकाएं निभाई हैं, जिसमें पुरुष और महिला दोनों टीमों के लिए ‘डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट’ का पद भी शामिल है।
गांगुली ने पिछले साल DC की SA20 टीम ‘प्रिटोरिया कैपिटल्स’ के हेड कोच के तौर पर भी काम किया था। फ्रेंचाइजी द्वारा जारी एक बयान में गांगुली ने कहा, “मैं IPL में हेड कोच की भूमिका निभाने के लिए उत्साहित हूं। दिल्ली कैपिटल्स मेरे दिल के बहुत करीब है और इस फ्रेंचाइजी के साथ मेरा रिश्ता सालों से बहुत मजबूत रहा है।”
उन्होंने कहा, “मैंने मालिकों, मैनेजमेंट, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम किया है, जिससे यह मेरे लिए एक रोमांचक जिम्मेदारी बन गई है। हमारे पास एक प्रतिभाशाली टीम है और हमने हाल के समय में अच्छा क्रिकेट खेला है। मैं टीम के साथ काम करने, नए सीज़न और एक मजबूत और निडर टीम बनाने के लिए उत्सुक हूं।”गांगुली ने बदानी की जगह ली है, जिनके कार्यकाल में कैपिटल्स पिछले दो सीज़न में प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी। DC के चेयरमैन और को-ओनर और JSW स्पोर्ट्स के फाउंडर पार्थ जिंदल ने कहा, “दादा दिल्ली कैपिटल्स परिवार का अहम हिस्सा रहे हैं और हमेशा रहेंगे। मुझे यह बताते हुए बहुत गर्व और खुशी हो रही है कि भारत के सबसे बेहतरीन कप्तानों और एडमिनिस्ट्रेटर्स में से एक, अब दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच के तौर पर कोचिंग की दुनिया में कदम रख रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं उन्हें इस भूमिका में देखने के लिए उत्साहित हूं और मुझे यकीन है कि उनकी देखरेख और दूरदर्शी लीडरशिप में दिल्ली कैपिटल्स IPL खिताब जीतने की चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार होगी।”
पूर्व कप्तान ऋषभ पंत भी फ्रेंचाइजी में वापस आ गए हैं। DC और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच एक हाई-प्रोफाइल प्लेयर ट्रेड हुआ था, जिसमें रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव दूसरी टीम में चले गए थे।






































