मॉस्को: व्लादिमीर पुतिन आने वाले समय में यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध को दूसरे देशों तक फैला सकते हैं। रूसी राष्ट्रपति पुतिन को लेकर अमेरिकी खुफिया एंजेंसियों ने यह दावा किया है। अमेरिकी इंटेलिजेंस अनुमान बताते हैं कि पुतिन आने वाले महीनों में किसी नाटो देश पर हमला करके इस सैन्य गठबंधन के संकल्प की परीक्षा ले सकते हैं। यूक्रेन युद्ध का कोई रास्ता ना निकलते देख पुतिन नाटो के साथ तनाव बढ़ाने का रास्ता चुन सकते हैं।
सीएनएन के मुताबिक, सूत्रों ने बताया है कि अमेरिकी इंटेलिजेंस अनुमानों में रूस के तनाव बढ़ाने के कई संभावित तरीके बताए गए हैं। इसमें सबसे अहम साइबर हमला या छोटे स्तर पर घुसपैठ का तरीका हो सकता है। इसका मकसद नाटो की एकता और आर्टिकल 5 (एक-दूसरे की बाहरी हमले से रक्षा) के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को चुनौती देना है।
पुतिन कब करेंगे हमला!
खुफिया अनुमान पुतिन के रूसी सेना को यूरोप में नाटो देश पर हमले का आदेश देने की आशंका जताती है। हालांकि पुतिन ऐसा कब करेंगे, यह साफ नहीं है। सूत्रों में से एक का कहना है कि इस बात की सबसे ज्यादा संभावना है कि वे बाल्टिक देशों या पोलैंड को निशाना बनाकर तनाव बढ़ाएंगे। द वॉल स्ट्रीट जर्नल भी एक रिपोर्ट में ऐसा दावा कर चुका है।
अमेरिकी और नाटो अधिकारियों का मानना है कि व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन युद्ध से सम्मानजनक तरीके से बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलता है तो वे नाटो के खिलाफ तनाव बढ़ाने का कदम उठा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रूसी राष्ट्रपति के पास अपने अगले कदम के बारे में फैसला करने के लिए अभी महीनों नहीं बल्कि कुछ वर्षों का समय है।










































