कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में हो रही देरी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस ने संसद के आगामी सत्र में हो रही देरी को लेकर सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसे एक खतरनाक मंसूबा बताते हुए कहा है कि अब तक शीतकालीन सत्र की घोषणा हो जानी चाहिए थी। अभी तक पिछले सत्र का भी सत्रावासन नहीं हुआ है। ऐसे में सरकार करना क्या चाह रही है? संसद के मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को दोनों सदनों की बैठकें अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थीं, लेकिन सत्र का अब तक सत्रावसान नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें- शीतकालीन सत्र से पहले सियासी पारा हाई, महिला आरक्षण बिल पर विशेष सत्र बुला सकती है केंद्र सरकार
कांग्रेस ने पीएम मोदी मोदी और अमित शाह पर बोला हमला
कांग्रेस ने संसद के आगामी सत्र की तारीखों की घोषणा में विलंब और परिसीमन के मुद्दे पर सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी या तो असमंजस में है या फिर कोई ’’बेहद खतरनाक’’ योजना बना रही है। जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब शुरू होगा। उन्होंने कहा, ’’प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी आखिर क्या खेल खेल रही है, बशर्ते कि यह जोड़ी अब भी साथ है?’’
उन्होंने कहा, ’’अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब होगा, बशर्ते कि शीतकालीन सत्र आयोजित किया जाएगा।’’
मॉनसून सत्र के सत्रावसान न होने पर उठाए सवाल
रमेश ने कहा, ’’अब तक देश को यह भी पता चल जाना चाहिए था कि संसद का मानसून सत्र दोबारा कब बुलाया जाएगा जिसका अभी तक सत्रावसान नहीं हुआ है, बशर्ते इसे दोबारा बुलाया जाए।’’
रमेश ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने के कथित प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि देश को यह जानने का अधिकार है कि परिसीमन को लेकर ’’प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का क्या फार्मूला है, अगर उनका कोई फार्मूला है तो।’’
रमेश ने कहा, ’’लगातार बने इस रहस्य से दो बातें साफ होती हैं। पहली यह कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी असमंजस में है और अपने ही झूठे दावों तथा आक्रामक बयानबाजी के जाल में फंस गई है। दूसरी यह कि वास्तव में कोई बेहद खतरनाक योजना बनाई जा रही है।’’






































