टाटा स्टील ने आम के आम गुठलियों के दाम जैसी डील की है। कंपनी ने APL Apollo को ₹28000 करोड़ में अपना ट्यूब्स-पाइप बिजनेस बेचा है। वहीं, ₹15510 करोड़ में कंपनी की मेजोरिटी हिस्सेदारी हासिल करनी की तैयारी है।
Tata Steel APL Apollo Deal : टाटा स्टील ने एक ऐसा कारोबारी दांव चला है, जिसने भारतीय स्टील इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। कंपनी एक तरफ APL Apollo Tubes को अपना ट्यूब्स और कलर-कोटेड स्टील बिजनेस करीब 28,000 करोड़ रुपये में बेचने जा रही है, तो दूसरी तरफ उसी APL Apollo में बड़ी हिस्सेदारी खरीदकर उसकी कमान अपने हाथ में लेने की तैयारी कर रही है।
टाटा स्टील की तरफ से BSE/NSE को दी गई रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि कंपनी ने APL Apollo के प्रमोटर ग्रुप से 26.38% हिस्सेदारी खरीदने के लिए 15,510.6 करोड़ रुपये का समझौता किया है। इसके अलावा कंपनी 26% अतिरिक्त शेयर खरीदने के लिए ओपन ऑफर भी लाएगी। अगर यह ओपन ऑफर पूरी तरह सफल रहता है, तो APL Apollo में टाटा स्टील की हिस्सेदारी 52.38% हो जाएगी। यानी कंपनी को बहुमत नियंत्रण मिल सकता है।
पहले APL Apollo को क्या बेचेगी टाटा स्टील?
टाटा स्टील और APL Apollo के बीच 28,000 करोड़ रुपये का कारोबार ट्रांसफर दो हिस्सों में होगा। इसमें सिर्फ पाइप और ट्यूब बिजनेस ही नहीं, बल्कि टाटा स्टील का पूरा Tata Steel Colors कारोबार भी शामिल है। इस सौदे के तहत टाटा स्टील अपना स्टील ट्यूब्स और पाइप बिजनेस 11,700 करोड़ रुपये में APL Apollo को बेचेगी। वहीं, Tata Steel Colors में अपनी 100% हिस्सेदारी का ट्रांसफर 16,300 करोड़ रुपये में करेगी। इस तरह दोनों कारोबारों की कुल कीमत 28,000 करोड़ रुपये होगी।
APL Apollo को क्या मिलेगा?
ट्यूब्स बिजनेस के तहत जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स APL Apollo को ट्रांसफर की जाएंगी। वहीं Tata Steel Colors में टाटा स्टील की प्रत्यक्ष और अपनी सब्सिडियरी के जरिए अप्रत्यक्ष रूप से मौजूद पूरी हिस्सेदारी भी बेची जाएगी। यह कारोबार ट्रांसफर जरूरी नियामकीय मंजूरियों और अन्य शर्तों के पूरा होने पर निर्भर करेगा।
उसी कंपनी में खरीदेगी 26.38% हिस्सेदारी
APL Apollo को अपना कारोबार बेचने के साथ ही टाटा स्टील ने उसके प्रमोटर ग्रुप S Gupta Holding Private Limited से 26.38% हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है। इसके लिए प्रति शेयर 2,100 रुपये का भाव तय किया गया है। कुल करीब 7.39 करोड़ शेयरों की खरीद पर 15,510.6 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह खरीदारी तीन चरणों में होगी। पहले चरण में 9.91% हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए खरीदी जाएगी। दूसरे चरण में 11.90% और तीसरे चरण में 4.57% हिस्सेदारी का ट्रांसफर होगा। तीसरा चरण 31 मार्च 2028 तक पूरा किया जाना है।
पूरी कंपनी पर नियंत्रण के लिए ओपन ऑफर
सिर्फ 26.38% हिस्सेदारी खरीदने से टाटा स्टील को APL Apollo का बहुमत नियंत्रण नहीं मिलेगा। इसलिए कंपनी ने पब्लिक शेयरधारकों से 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए अनिवार्य ओपन ऑफर भी पेश किया है। इसके लिए 2,301.40 रुपये प्रति शेयर की कीमत तय की गई है। अगर सभी 26% शेयर ओपन ऑफर में मिल जाते हैं, तो इस पर करीब 16,756 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस तरह पूरी योजना सफल होने पर टाटा स्टील के पास APL Apollo की 52.38% हिस्सेदारी हो सकती है।
आखिर क्या है टाटा स्टील की स्मार्ट रणनीति?
दरअसल, टाटा स्टील अपने वैल्यू-एडेड डाउनस्ट्रीम कारोबार को एक बड़े प्लेटफॉर्म पर लाना चाहती है। APL Apollo के पास पहले से करीब 5 मिलियन टन सालाना उत्पादन क्षमता है। टाटा स्टील के कारोबार के जुड़ने के बाद शुरुआती संयुक्त क्षमता 7.5 मिलियन टन हो सकती है। कंपनी का लक्ष्य 2035 तक इस क्षमता को बढ़ाकर 15.5 मिलियन टन सालाना करना है। इसके साथ स्टील ट्यूब्स और कलर-कोटेड उत्पादों में अपनी बाजार मौजूदगी मजबूत करने की योजना है। टाटा स्टील को उम्मीद है कि इस रणनीति से उसके कुल पोर्टफोलियो में डाउनस्ट्रीम कारोबार की हिस्सेदारी मौजूदा करीब 35% से बढ़कर 53% हो जाएगी।
शेयर 8% लुढ़का
इस बड़े ऐलान के बाद सोमवार, 23 नवंबर को टाटा स्टील के शेयरों में करीब 8% की गिरावट आई। हालांकि, शेयर में गिरावट को केवल इस सौदे की वजह से नहीं है। बल्कि, आज तमाम स्टॉक्स और इंडेक्स की मंथली एक्सपायरी है, इसकी वजह से वोलैटिलिटी देखने को मिल रही है। इसके अलावा मेटल शेयरों को लेकर ओवरऑल सेंटिमेंट कमजोर हुआ है।









































