फूलों से सजा गुरुद्वारा, आज शबद-कीर्तन से गूंजेगा शहर
पूर्व संध्या पर निकली कीर्तन रैली, गुरुद्वारे में बच्चों ने दी प्रस्तुतियां,
पर्व विशेष पर सुबह से देर रात तक होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट।सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार, 24 नवंबर को नगर सहित जिले में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रकाश पर्व को लेकर पिछले कई दिनों से नगर में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है।प्रतिदिन निकाली जा रही प्रभात फेरियों, शबद-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु नानक देव जी के विचारों और उनके मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर सोमवार को गुरुद्वारा साहिब में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया,वहीं मंगलवार को विशेष दीवान, अखंड पाठ साहिब, शबद-कीर्तन, अरदास और गुरु के अटूट लंगर सहित अनेक आयोजन होंगे। जहां सुबह से लेकर देर रात तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन कर पूर्ण श्रद्धा व निष्ठा के साथ प्रकाश पर्व का समापन किया जाएगा।
प्रभात फेरियों से बना रहा भक्तिमय माहौल
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 16 नवंबर से नगर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को भी प्रभात फेरी के माध्यम से श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी का स्मरण किया। इन प्रभात फेरियों में बड़ी संख्या में सिख समाज के महिला-पुरुष और बच्चे शामिल होकर भजन-कीर्तन करते हुए वाहे गुरु का जाप कर रहे है। जिससे नगर में पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।
पूर्व संध्या पर गुरुद्वारे में सजा धार्मिक दीवान
सोमवार शाम गुरुद्वारा साहिब में रहरास साहिब के पाठ के साथ शाम के दीवान की शुरुआत हुई। इसके बाद संगत द्वारा शबद-कीर्तन प्रस्तुत किए गए। जहां रागी जत्थे द्वारा कीर्तन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर गुरु नानक जी का अटूट लंगर लुटाया गया। वहीं बच्चों के लिए भी गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बच्चों ने पाठ, शबद-कीर्तन और गायन की प्रस्तुतियां दीं।
सुबह अमृत वेला से शुरू होंगे आयोजन, विशेष कीर्तन समागम भी
मंगलवार 24 नवंबर को प्रकाश पर्व के अवसर पर सुबह 4 बजे अमृत वेला से धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। सुबह 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की संपूर्णता होगी।वही 8 से 8:30 बजे तक शबद-कीर्तन किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 10:30 बजे से विशेष कीर्तन समागम आयोजित होगा। इसमें बालाघाट के हजूरी रागी जत्थे व बच्चों द्वारा भी शबद कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। दोपहर में दीवान की संपूर्णता के पश्चात चाय-नाश्ते की सेवा और गुरु का अटूट लंगर होगा।
शाम को दीवान, आरती और फूलों की वर्षा से होगा समापन
प्रकाश पर्व के दिन शाम 6 बजे से रहरास साहिब का पाठ, शाम 7 से 8 बजे तक संगत द्वारा शबद-कीर्तन तथा रात 8 से 9:30 बजे तक रागी जत्थे द्वारा कीर्तन किया जाएगा। इसके बाद रात 9:30 से 11 बजे तक पुनः रागी जत्थे द्वारा गुरबाणी कीर्तन होगा। रात 11:15 बजे आरती एवं फूलों की वर्षा के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की संपूर्णता होगी। इसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा।
गुरु नानक देव जी का संदेश देता है समानता और मानवता की सीख
बताया गया कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से समाज को एकता, समानता, प्रेम, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की सीख दी। उनका संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है। प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु महाराज के इन्हीं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सेवादार व अन्य पदाधिकारियों सदस्यों द्वारा समस्त सामाजिक बंधुओं और धर्मप्रेमियों से प्रकाश पर्व के सभी आयोजनों में शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
0000000000000000000000000000000










































