भागो… भागो… भूत आया! बालिका छात्रावास में आधी रात मची भगदड़, 25 छात्राओं ने छोड़ा हॉस्टल

0

भूत-प्रेत का साया होने के डर से सहमी छात्राएं ,कहा रात में दरवाजा खटखटाता है कोई
कुछ रात में ही सामान लेकर घर भागीं, तो दूसरे दिन 10 ने भी छोड़ा छात्रावास
बैगा-पंडा बुलाकर कराई गई तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया, प्राचार्य और अधीक्षिका की भूमिका पर उठे सवाल
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। विज्ञान और आधुनिकता के इस दौर में जब इंसान चांद तक पहुंच चुका है, वहीं बैहर के आमगांव स्थित सांदीपनि स्कूल परिसर के बालिका छात्रावास में अंधविश्वास का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था और छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां शनिवार की रात उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रावास में रह रही करीब 25 बालिकाएं अपना सामान समेट कर हॉस्टल से बाहर निकलने लगीं। छात्राओं के बीच भूत-प्रेत का साया होने की चर्चा और डर का माहौल इस कदर हावी हुआ कि कोई अपने माता-पिता के साथ तो कोई परिचितों के साथ छात्रावास छोड़कर चली गई। इतना ही नहीं, अगले दिन भी 10 अन्य छात्राओं ने हॉस्टल छोड़कर घर का रास्ता पकड़ लिया।

डर से कांप रहीं छात्राएं, बताई अजीब हरकतों की कहानी
उनका नाम और पहचान उजागर ना करने की शर्त पर छात्राओं ने बताया कि छात्रावास में उन्हें लंबे समय से भूत-प्रेत जैसी समस्या महसूस हो रही है। उनका कहना है कि अचानक डर लगने लगता है, किसी को बुखार आ जाता है तो कोई अजीब हरकतें करने लगती है। छात्राओं के बीच इस तरह की घटनाओं को लेकर भय का माहौल बना हुआ था। उन्होंने अपनी परेशानी छात्रावास की अधीक्षिका और स्कूल के प्राचार्य को भी बताई थी, लेकिन इस समस्या का वैज्ञानिक तरीके से समाधान करने के बजाय कथित तौर पर छात्रावास में बैगा-पंडा को बुलाकर तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया कराई गई। इस बात ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।

शिकायत के बाद भी समाधान नहीं, तंत्र-मंत्र का लिया गया सहारा?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रावास में रहने वाली नाबालिग बालिकाएं यदि मानसिक भय, घबराहट या किसी शारीरिक परेशानी से गुजर रही थीं तो जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते उचित चिकित्सकीय जांच और काउंसलिंग की व्यवस्था क्यों नहीं की? छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेने के बजाय तंत्र-मंत्र का सहारा लेने की बात सामने आना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। आखिर छात्रावास में ऐसी कौन सी परिस्थितियां बनीं कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं को रातोंरात हॉस्टल छोड़ना पड़ा?

छात्रावास की छवि पर दाग, जांच और कार्रवाई की मांग
सांदीपनि स्कूल जैसे शैक्षणिक संस्थान के छात्रावास में इस तरह की घटना सामने आना बेहद चिंताजनक है। छात्राओं की सुरक्षा, मानसिक स्थिति और छात्रावास के वातावरण को लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। साथ ही छात्रावास में स्वास्थ्य परीक्षण, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि बालिकाओं के मन से डर दूर हो और वे दोबारा सुरक्षित माहौल में पढ़ाई कर सकें।

माता-पिता के साथ छुट्टी मनाने घर गए हैं बच्चे- वाड़ीवे
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान सांदीपनि स्कूल आमगांव प्राचार्य डीएस वाड़ीवे ने बताया कि अधिक मात्रा में छात्राएं हॉस्टल छोड़कर गई है ऐसी जानकारी उन्हें नहीं है। एक बच्चे की तबीयत खराब थी तो उनके अभिभावक लेने आए थे। गुरु नानक जयंती व मड़ई मेले के लिए कुछ बच्चीयों के अभिभावक आए थे ,जो बच्चियों को छुट्टी पर साथ लेकर गए हैं। भूत प्रेत दरवाजा खटखटाते हैं ऐसी हमें कोई जानकारी नहीं है। हमने पूजा पाठ तंत्र मंत्र बाबा पंडा से कोई कार्य करने के निर्देश नहीं दिए हैं, हमने हमेशा चिकित्सक सलाह लेने की बात कही है। 50 सीटर का हॉस्टल है करीब 25 बच्चे घर गए हैं लेकिन उनके मां-बाप उन्हें लेकर गए हैं बोले की छुट्टियां मड़ई मेले के बाद यह वापस हॉस्टल आ जाएंगे भूत-प्रेत जैसी कोई जानकारी हमें नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here