कौन है ‘एल चापो इसिड्रो’, जिसकी गिरफ्तारी के बाद मेक्सिको में मचा खूनी तांडव; 4 सैनिकों समेत 11 की मौत

0

मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में एफबीई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल ड्रग कार्टेल सरगना फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ ‘एल चापो इसिड्रो’ की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क गई। सुरक्षा बलों और कार्टेल सदस्यों के बीच गोलीबारी में 7 कथित कार्टेल बंदूकधारियों और 4 सैनिकों समेत 11 लोगों की मौत हो गई।

मेक्सिको में कुख्यात ड्रग कार्टेल सरगना फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ ‘एल चापो इसिड्रो’ की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी। सिनालोआ राज्य में सुरक्षा बलों और कथित कार्टेल सदस्यों के बीच भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में सात कथित कार्टेल बंदूकधारी और चार मैक्सिकन सैनिक शामिल हैं।

मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में शुक्रवार रात शुरू हुई हिंसा शनिवार सुबह तक जारी रही। यह घटनाक्रम उस सैन्य अभियान के बाद सामने आया, जिसमें सुरक्षा बलों ने कुख्यात ड्रग माफिया एल चापो इसिड्रो को गिरफ्तार किया। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस ऑपरेशन में कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

एफबीआई की मोस्ट वांटेड लिस्ट में था शामिल

फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस को ‘एल चापो इसिड्रो’ के नाम से जाना जाता है। वह मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन का प्रमुख बताया जाता है। इससे पहले वह बेल्ट्रान लेवा कार्टेल से भी जुड़ा रहा है।

अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में उसका नाम शामिल था। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सूचना देने वाले के लिए 50 लाख डॉलर (करीब 45 करोड़ रुपये) के इनाम की घोषणा भी की थी। उस पर अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी और अवैध हथियार रखने जैसे आरोप थे।

अमेरिकी खुफिया जानकारी की मदद से हुआ ऑपरेशन

मेक्सिको की सरकार के मुताबिक, एल चापो इसिड्रो की गिरफ्तारी के लिए चलाए गए अभियान में अमेरिकी प्रशासन से मिली खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार रात सिनालोआ के गुआसावे शहर में अभियान चलाया। गिरफ्तारी के दौरान कथित कार्टेल सदस्यों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की। इसके बाद पूरे इलाके में भारी गोलीबारी शुरू हो गई। मेजा फ्लोरेस के साथ उसके संगठन के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया।

कारोबारियों में दहशत

कार्टेल सरगना की गिरफ्तारी के बाद गुआसावे में हालात तनावपूर्ण हो गए। कई जगह गोलीबारी हुई, ट्रकों और कारोबारी प्रतिष्ठानों को आग लगा दी गई। सड़कों पर जले हुए वाहन दिखाई दिए और कई रास्तों पर अवरोध लगाए गए।

गोलीबारी के दौरान आम नागरिकों में भी दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों को सुरक्षित जगहों पर शरण लेनी पड़ी। सुरक्षा बलों ने हालात पर नियंत्रण के लिए इलाके में अपनी तैनाती बनाए रखी।

गिरफ्तारी के बाद क्यों बढ़ जाती है कार्टेल हिंसा?

मेक्सिको में ड्रग कार्टेल के बड़े सरगनाओं की गिरफ्तारी के बाद अक्सर उनके नेटवर्क में नेतृत्व और इलाके पर कब्जे को लेकर संघर्ष शुरू हो जाता है। सुरक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, किसी बड़े सरगना को पकड़ना पूरे आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के बराबर नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here