ग्वालियर। उपनगर ग्वालियर में छह वर्षीय मासूम के साथ पड़ोसी ने ही हैवानियत की। बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी वह उसे अपने कमरे में ले गया। यहां उसके साथ गलत हरकत की। मासूम बालक इतना डर गया कि वह घर से बाहर निकलने में ही डरने लगा।जब माता-पिता को उसका व्यवहार असामान्य लगा, तब उससे बात की। उसने रोते हुए सबकुछ बता दिया। इस मामले में स्वजनों की शिकायत पर ग्वालियर थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। आरोपी भी पकड़ा गया है।
उपनगर ग्वालियर स्थित घासमंडी में जिस मकान में बालक अपने माता-पिता के साथ रहता है। वहीं पड़ोस में आसिफ पुत्र शिताब खान रहता है। 25 मई को बच्चा अपने कमरे के बाहर खेल रहा था। यहां आसिफ बहाने से आया। बच्चे को खेलने के बहाने ऊपर कमरे में ले गया। यहां बच्चे के साथ गलत हरकत की। जब बच्चा रोने लगा तो उसका मुंह दबा दिया। फिर उससे कहा कि अगर किसी से कुछ कहा तो उसके माता-पिता को मार डालेगा। अगले दिन फिर वह डरा-धमकाकर बालक को ले गया।










































