छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र में छतरपुर-महोबा रोड पर पटेल ढाबा के निकट गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में कुल 7 लोग घायल हो गए, जिनमें 2 बच्चे, 1 महिला और 4 पुरुष शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं, जिसके कारण हुई जोरदार टक्कर में सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए। तीन-चार घायलों के हाथ-पैर टूट गए हैं, जबकि कई अन्य को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चार घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ीमलहरा थाना प्रभारी रीता सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। FRV और 1033 कैम्पर की मदद से सभी घायलों को तुरंत छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान पुलिस कॉन्स्टेबल सीताराम और 112 वाहन चालक देवेंद्र ने सराहनीय कार्य करते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और उन्हें ट्रॉमा सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर लिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि कुछ घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि हादसा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। इस मामले में थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।








































