नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिमी जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जिसने सोशल मीडिया और डेटिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर देशभर की 500 से अधिक महिलाओं को अपना शिकार बनाया।
आरोपी ने खुद को डॉक्टर, वकील, बिजनेसमैन और फिल्म प्रोड्यूसर बताकर भरोसा जीता, फिर शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपये ठग लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अब तक करीब दो करोड़ रुपये की ठगी की है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
फर्जी प्रोफाइल बनाकर रचता था जाल
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के 24 परगना निवासी आनंद कुमार (35) के रूप में हुई है। वह इंस्टाग्राम, फेसबुक, स्नैपचैट और कई डेटिंग व मैट्रिमोनियल एप्स पर अलग-अलग नामों से फर्जी प्रोफाइल बनाता था। वैभव अरोड़ा, डॉ. रोहित बहल, तरुण, आनंद शर्मा और शिखा जैसे नामों से वह महिलाओं से संपर्क करता था।
शादी का झांसा देकर करता था ठगी
आरोपी पहले पीड़ित महिलाओं से भावनात्मक रिश्ता बनाता, फिर शादी का वादा करता था। विश्वास जमाने के बाद वह बातचीत को व्हाट्सएप पर शिफ्ट कर देता और धीरे-धीरे निजी जानकारी हासिल कर लेता। उसके बाद मेडिकल इमरजेंसी, बिजनेस घाटे या पारिवारिक जरूरतों के नाम पर पैसों की मांग करता था।
निजी फोटो-वीडियो से करता था ब्लैकमेल
कई मामलों में आरोपी महिलाओं की निजी तस्वीरें और वीडियो भी हासिल कर लेता था। बाद में इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर और पैसे वसूलता था। इस तरह उसने कई महिलाओं को मानसिक और आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाया।
पुलिस जांच से खुला पूरा नेटवर्क
डीसीपी अमित गोयल के अनुसार, एक पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था, जिसमें करीब सात लाख रुपये की ठगी सामने आई थी। साइबर टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट्स, आईपी लॉग, मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजैक्शन की गहन जांच की। तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी के ठिकाने का पता पश्चिम बंगाल में चला।
छापेमारी कर आरोपी गिरफ्तार
लगातार ट्रैकिंग और छापेमारी के बाद पुलिस ने आरोपी को 24 परगना से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चार मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड, तीन डेबिट कार्ड और सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी बार-बार मोबाइल और सिम बदलकर अपनी पहचान छिपाता था।












































