दिनदहाड़े बैंक में घुसे 5 नकाबपोश, मैनेजर को पीटा और 35 लाख ले उड़े, सिंगरौली में फिल्मी स्टाइल में डकैती

0

सिंगरौली। जिले में शहर के बीचोबीच संचालित महाराष्ट्र बैंक में दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर पांच बदमाशों ने घुसकर बैंक के कर्मचारियों को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि एक आरोपी हेलमेट पहनकर एवं चार आरोपी हथियारों से लैस होकर बैंक में घुसे। उन्होंने बैंक के एक दर्जन कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर पहले बंधक बनाया है और फिर कल का 14 लाख रुपये नगद कैश एवं आज का कैश सहित गोल्ड लेकर मौके से फरार हो गए। करीब 35 लाख रुपए की लूट हुई है।

बिना सिक्योरिटी गार्ड के चल रहा था काम

बताया जा रहा है कि बैंक में कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं मौजूद था यह एक बैंक की बड़ी लापरवाही है। वहीं दूसरी ओर एसपी मनीष खत्री ने शहर सहित जिले में हाई अलर्ट जारी करते हुए आने जाने वाले लोगों पर नाकाबंदी की है एवं बाइक में सवार फरार आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। शहर के बीचो बीच संचालित बैंक में बंदूक की नोक पर बदमाशों ने जिस तरीके से घटना को अंजाम दिया है उससे अब व्यवसायी सहित अन्य लोगों में एक डर का माहौल निर्मित हुआ है।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी टीमें

हालांकि एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस की पांच टीमें गठित की हैं और टीमें अन्य इलाकों के लिए रवाना की गई हैं। पुलिस शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की बात भी पुलिस कर रही है, लेकिन जिस तरीके से दिनदहाड़े बैंक में घुसकर आरोपियों ने बंदूक की नोक पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है उससे कहीं ना कहीं पुलिस पर कई सवालिया निशान खड़े होना लाजमी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here