वारासिवनी। नगर के वार्ड नंबर 08 चंदोरी में हुई नवविवाहिता अनेश्वरी सोनवाने की संदिग्ध मौत के मामले में वारासिवनी पुलिस ने बेहद त्वरित और कड़ी कानूनी कार्यवाही की है। मर्ग जांच, घटनास्थल के सूक्ष्म निरीक्षण, परिजनों के बयानों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले को दहेज हत्या मानते हुए आरोपी पति राकेश सोनवाने को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
मर्ग जांच और पीएम रिपोर्ट से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) एसडीओपी अभिषेक चौधरी के मार्गदर्शन में थाना वारासिवनी द्वारा मर्ग क्रमांक 24/2026 की बारीकी से जांच की गई। पुलिस टीम और एफएसएल विशेषज्ञों ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया तो मृतिका के घर के अंदर जगह-जगह टूटी हुई चूड़ियों के टुकड़े और फांसी के लिए उपयोग की गई साड़ी के कटे हुए हिस्से बरामद हुए जो घटना के वक्त हुए गंभीर शारीरिक संघर्ष को बयां कर रहे थे। शासकीय अस्पताल वारासिवनी के डॉक्टरों की टीम द्वारा तैयार की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले की पूरी तस्वीर साफ कर दी। शार्ट पीएम रिपोर्ट में मृतिका की मृत्यु का कारण दम घुटने के साथ-साथ उसकी ठुड्डी और सीने पर चोट के निशान होना पाया गया।
दहेज उत्पीड़न और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज
मृतिका के मायके पक्ष लेंडेझरी के परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही आरोपी राकेश सोनवाने द्वारा मृतिका को प्रताड़ित किया जा रहा था। सामाजिक स्तर पर बैठकों के बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला और उसने बेरहमी से मारपीट कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जब्त साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ अपराध क्रमांक 227/2026 भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3, 4 के तहत दहेज हत्या का संगीन मामला दर्ज किया।
आरोपी पति गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
एसडीओपी अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए आरोपी पति राकेश सोनवाने उम्र 33 वर्ष निवासी वार्ड नं. 08 चंदोरी को गिरफ्तार कर न्यायालय वारासिवनी के समक्ष पेश किया गया जहाँ से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्यवाही में वारासिवनी पुलिस प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों की मुस्तैदी की नगरवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।
इनका कहना हैं
दूरभाष पर चर्चा में बताया कि 8 मई की यह घटना थी जिसमें नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई थी। मामले में मौका स्थल की बारीकी से जांच करवाई गई थी पोस्टमार्टम करवाने के साथ परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए बयान में दहेज के लेनदेन को लेकर प्रताड़ित करने की बात सामने आई थी। वही रिपोर्ट में भी आपसी संघर्ष उपरांत मृत्यु सिद्ध हुई जिसके आधार पर अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायालय ने जेल भेज दिया है। मामले में अभी बारीकी से विवेचना कर और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अभिषेक चौधरी एसडीओपी वारासिवनी










































