Pakistan Copper Gold Discovery: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में खनन कंपनी NRL को आठ स्थानों पर तांबे और सोने के बड़े भंडार मिले हैं। कंपनी अब इसके व्यावसायिक आकलन की तैयारी कर रही है।Pakistan Copper Gold Discovery: गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। देश की प्रमुख खनन कंपनी ‘नेशनल रिसोर्सेज लिमिटेड’ (NRL) ने घोषणा की है कि उसे बलूचिस्तान प्रांत के चागई (Chagai) जिले में 8 अलग-अलग स्थानों पर तांबे और सोने के विशाल भंडार मिले हैं। कंपनी ने यह महत्वपूर्ण खोज करीब 25,000 मीटर तक की गई गहन खुदाई (ड्रिलिंग) के बाद की है, जिसके शुरुआती नतीजे बेहद उत्साहजनक रहे हैं। इस खोज के बाद कंपनी अब इस क्षेत्र में मौजूद खनिज संसाधनों का पहला आधिकारिक आकलन करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
ड्रिलिंग में मिले तांबे और सोने के पुख्ता संकेत
dawn.com के मुताबिक ‘पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026’ को संबोधित करते हुए नेशनल रिसोर्सेज लिमिटेड के चेयरमैन मुहम्मद अली तब्बा ने इस खोज से जुड़ी अहम जानकारियां शेयर कीं। उन्होंने बताया कि ड्रिलिंग के दौरान एक गड्ढे (ड्रिल होल) में 295 मीटर लंबा खनिज भंडार मिला है, जिसमें 0.43 प्रतिशत तांबा और प्रति टन 0.13 ग्राम सोना मौजूद है। इसी हिस्से के भीतर 132 मीटर का एक ऐसा क्षेत्र भी मिला है, जहां तांबे की मात्रा और भी अधिक यानी 0.83 प्रतिशत दर्ज की गई है। ये नई खोजें दरिगवान (Darigwan) इलाके के 5.6 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली हुई हैं, जो कंपनी की पिछली खोज ‘तांग कौर’ तांबा-सोना साइट के बिल्कुल करीब है।
2027 से शुरू होंगे बड़े अध्ययन, 10 करोड़ डॉलर का निवेश









































