गुना: शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भार्गव कॉलोनी से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी घिनौनी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। जिस शख्स को दोनों मासूम बहनें अपने पिता का जिगरी दोस्त होने के नाते चाचा कहकर सम्मान देती थीं। वही चाचा उनकी अस्मत का लुटेरा बन बैठा। आरोपी न केवल बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें करता था, बल्कि उसने बड़ी नाबालिग बच्ची का नहाते हुए आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे हवस के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया था। सोमवार देर रात जब जुल्म की इंतिहा हो गई, तो हिम्मत जुटाकर पीडि़ता ने चाइल्ड हेल्पलाइन पर कॉल किया, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
भरोसे की आड़ में खेलता रहा गंदा खेल
जानकारी के अनुसार फिरोज पिता सलीम खान की पीडि़ता के पिता से दोस्ती थी और उनके घर पर पुराना आना-जाना था। पीडि़ता के पिता उसे अपना भाई समान मित्र मानते थे, लेकिन फिरोज की नजरें अपनी ही भतीजी समान बच्चियों पर गंदी थीं। घटना की शुरुआत 25 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब पीडि़त परिवार फिरोज और उसकी पत्नी के साथ कोटा घूमने गया था।
वापसी के दौरान फिरोज की पत्नी और बच्चे कोटा में रूक गए थे। जबकि अन्य लोग गुना वापस आ रहे थे। रास्ते में अर्टिगा गाड़ी में फिरोज ने अपने दोस्त की नाबालिग बेटी के साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की। उस वक्त मासूम बच्ची डर के मारे सहम गई और उसने शोर मचाने के बजाय अपनी सीट बदल ली, लेकिन उसे क्या पता था कि यह तो सिर्फ शुरुआत है।
वीडियो बनाकर शुरू किया ब्लैकमेलिंग का नरक
घर लौटने के बाद आरोपी फिरोज की दरिंदगी और बढ़ गई। उसने किसी तरह नाबालिग बच्ची का नहाते हुए आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। इसी वीडियो के दम पर वह बच्ची को आए दिन डराने-धमकाने लगा। वह मासूम को अकेला पाकर वीडियो वायरल करने की धमकी देता और उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। जब भी वह घर आता, उसकी आंखों में हवस और चेहरे पर वहशीपन होता था। महीनों तक मासूम बहनें इस खौफ के साये में जीती रहीं कि अगर उन्होंने किसी को बताया तो समाज में उनकी बदनामी होगी।
आधी रात को रेस्क्यू, पुलिस भी रह गई दंग
सोमवार देर रात जब फिरोज का आतंक बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो बड़ी बहन ने साहस दिखाते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन पर फोन कर अपनी आपबीती सुनाई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम सक्रिय हुई और रात के सन्नाटे में टीम भार्गव कॉलोनी पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और थाने लेकर आई।
थाने में महिला पुलिस अधिकारियों के सामने जब मासूम बच्चियों ने रोते-बिलखते हुए अपनी दास्तां सुनाई, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने रात करीब 2 बजे आरोपी फिरोज पिता सलीम खान के घर दबिश दी और उसे सोते हुए ही दबोच लिया।










































