सेंधवा में 12वीं की आदिवासी छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में कथित यौन शोषण, दूसरी लड़की से चैट और दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इस घटनाक्रम से आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। मामले में डीएनए और फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है…
बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में किराए के कमरे में फंदे पर लटकी मिली 12वीं कक्षा की आदिवासी छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आखिरकार उसके 17 वर्षीय बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि कथित यौन शोषण के बाद दूसरी लड़की से मोबाइल पर चैट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी छात्रा को छोड़कर चला गया था। पुलिस को आशंका है कि प्रेमी की कथित बेवफाई से आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली।
सेंधवा सिटी थाने के सब-इंस्पेक्टर एवं जांच अधिकारी संतोष पाटीदार ने बताया कि आरोपी की उम्र 17 साल 10 महीने है और वह एक कॉलेज का प्रायवेट छात्र है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के साथ आत्महत्या के लिए उकसाने और यौन शोषण से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद झाबुआ स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
छात्रा पढ़ाई के लिए सेंधवा में किराए से रहती थी
पाटीदार के मुताबिक, मृतका की उम्र 16 साल 10 महीने थी। वह 12 सितंबर से सेंधवा में किराए के कमरे में रह रही थी। 28 अक्टूबर को उसका शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला था। वह 17 अक्टूबर से स्कूल भी नहीं जा रही थी।
जांच में प्रेम संबंधों का खुलासा हुआ था
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। जांच के दौरान छात्रा के पास से दो सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन और एक अतिरिक्त सिम कार्ड बरामद हुआ। शुरुआती जांच में उसके प्रेम संबंधों की जानकारी सामने आई।
पीरियड के दौरान भी जबरन संबंध बनाए, छात्रा ने चैट भी देख ली थी
जांच अधिकारी ने बताया कि पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि घटना वाले दिन छात्रा ने मासिक धर्म के कारण आरोपी के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया था, लेकिन आरोप है कि उसने जबरदस्ती की। इसके बाद छात्रा ने आरोपी के मोबाइल में किसी दूसरी लड़की के साथ चैट देख ली। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और आरोपी उसे छोड़कर चला गया।
छात्रा ने आरोपी को कई बार फोन किया
पुलिस के अनुसार, इसके बाद छात्रा ने आरोपी को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। छात्रा ने आरोपी के एक दोस्त से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वहां से भी कोई जवाब नहीं मिला।
पुलिस को आशंका है कि प्रेमी के इस व्यवहार और कथित बेवफाई से आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या की। मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने डीएनए जांच और फॉरेंसिक परीक्षण के लिए नमूने भेजे हैं। जांच जारी है।








































