ममता हुई शर्मसार! बनेरा में पेड़ के नीचे पड़ा मिला नवजात, महिला ने बचाई जान

0

जन्म के चंद घंटे बाद ही मां ने नवजात को झाड़ियों में छोड़ा,
तुअर के पेड़ के नीचे जिंदगी से जूझता मिला मासूम
नवजात बालक मिलने से मचा हड़कंप, महिला ने रोने की आवाज सुनकर बचाई जान
बिना कपड़ों के पड़ा था बच्चा, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम बनेरा में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 11 नवंबर की शाम एक नवजात बालक ताराचंद लांजेवार की बाड़ी में तुअर के पेड़ के नीचे लावारिस हालत में मिला। मासूम के शरीर पर एक कपड़ा तक नहीं था। वह खुले आसमान के नीचे पड़ा जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा था। गनीमत रही कि उसके रोने की आवाज एक महिला के कानों तक पहुंच गई और समय रहते उसकी नजर मासूम पर पड़ गई। महिला ने तत्काल उसे गोद में उठाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नवजात को कटंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल बच्चे की हालत स्वस्थ बताई जा रही है।

रोने की आवाज ने खींचा महिला का ध्यान, पेड़ के नीचे मिला नवजात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की शाम ग्राम बनेरा में एक महिला को अचानक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर महिला उस दिशा में आगे बढ़ी तो ताराचंद लांजेवार की बाड़ी में तुअर के पेड़ के नीचे एक नवजात बालक दिखाई दिया। मासूम पूरी तरह निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा हुआ था और लगातार रो रहा था। उसके पैरों पर घास से कटने के निशान भी दिखाई दे रहे थे। नवजात की हालत देखकर महिला घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए तत्काल बच्चे को अपनी गोद में उठाया और घर लेकर पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।

माता-पिता की तलाश में जुटी पुलिस
नवजात को इस हालत में छोड़ने वाले आखिर कौन हैं और उसे जन्म देने वाली मां ने ऐसा कदम क्यों उठाया, फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। पुलिस बच्चे के माता-पिता और उसे वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि नवजात को किस परिस्थिति में वहां छोड़ा गया।

लांजी में भी सड़क किनारे मिली थी नवजात बालिका
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व लांजी क्षेत्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां एक नवजात बालिका को तालाब के समीप सड़क किनारे लावारिस हालत में छोड़ दिया गया था। अब बनेरा में नवजात बालक मिलने की घटना ने एक बार फिर समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं, जिनमें जन्म के बाद मासूमों को इस तरह बेसहारा छोड़ दिया जाता है? हालांकि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, नवजात को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उसकी जान बचाने के लिए कानूनी व सामाजिक मदद के रास्ते मौजूद हैं। बनेरा की इस घटना में एक महिला की संवेदनशीलता ने मासूम को नया जीवन देने की उम्मीद जगा दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here