साउथ से लेकर बॉलीवुड की ‘गजनी’ और ‘लगान’ जैसी फिल्मों और टीवी शो ‘महाभारत’ में नजर आ चुके दिग्गज एक्टर प्रदीप रावत अब हमारे बीच नहीं रहे। 4 अगस्त को कैंसर से जूझते उनका निधन हो गया और अपने पीछे कई कहानियां छोड़ गए हैं। कैंसर जैसी बीमारी से वो लंबे समय से जूझते रहे और इसी के साथ वे काम भी करते रहे थे। एक बार एक इंटरव्यू में उन्होंने स्टेज 4 कैंसर के दर्द की कहानी खुद सुनाई थी।
सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में प्रदीप रावत ने बताया था कि गंभीर बीमारी के बावजूद उन्होंने आखिरी समय तक काम करना नहीं छोड़ा। साल 2024 में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि कैसे दिल की गंभीर बीमारी, बाईपास सर्जरी और चौथे स्टेज के कैंसर जैसी चुनौतियों के बाद भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
‘सिनेमा के इतिहास में मेरा नाम अमर रहेगा’
अपने इस इंटरव्यू में प्रदीप रावत ने कहा था कि उन्होंने जिंदगी की सच्चाई को स्वीकार कर लिया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि उनके जाने के बाद भी लोग उनके काम को हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने इस बारे में बातें करते हुए कहा था, ‘जब भी मैं आखिरी बार अपनी आंखें बंद करूंगा, सिनेमा के इतिहास में मेरा नाम कहीं न कहीं अंकित रहेगा।’ वहीं उन्होंने अपनी जिंदगी के स्ट्रगल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था, ‘मैं पहले ही आग से गुजर चुका हूं।’










































