भरोसे की चाबी से खुला चोरी का रास्ता, दोस्त बनकर घर पहुंचे शख्स ने की चोरी

0

अलमारी से 64 हजार पार,प्रॉपर्टी डीलर ने परिचित दोस्त पर लगाया चोरी का आरोप
मामला दर्ज ,जांच में जुटी पुलिस
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।भरोसा जिस पर किया, उसी ने दगा दे दिया। दोस्ती और विश्वास के रिश्ते को शर्मसार करने वाला चोरी का एक मामला नगर में सामने आया है। यहां एक प्रॉपर्टी डीलर के घर से 64 हजार रुपये की कथित चोरी का आरोप उसके ही परिचित दोस्त पर लगाया है। हैरानी की बात यह है कि जिस व्यक्ति को पानी की बोतलें लाने के लिए एक्टिवा की चाबी सौंपी गई थी, उसी चाबी के गुच्छे में मकान और अलमारी की चाबी भी मौजूद थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने घर पहुंचकर अलमारी में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें एक युवक घर में प्रवेश करते और कुछ मिनट बाद बाहर निकलते दिखाई दे रहा है। शिकायतकर्ता ने फुटेज में नजर आ रहे युवक की पहचान अमित उर्फ लक्की शिवाले के रूप में की है।उधर मामले में कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चाबी के भरोसे ने लगाया 64 हजार का चूना
मामला शहर के वार्ड नंबर 23 स्थित दीनदयाल पुरम का है। यहां रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर राकेश अवस्थी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वे गौली मोहल्ला स्थित नितिन भोज के कार्यालय में बैठक कर रहे थे। इस दौरान अमित उर्फ लक्की शिवाले भी उनके साथ मौजूद था। बैठक के बीच राकेश ने अमित को अपनी एक्टिवा की चाबी और पानी की बोतलों की पेटी लाने के लिए रुपये दिए। एक्टिवा की चाबी के साथ ही मकान और अलमारी की चाबी भी लगी हुई थी। करीब 45 मिनट बाद अमित पानी लेकर कार्यालय पहुंच गया। इसके बाद राकेश बैठक समाप्त कर शाम करीब 4 बजे अपने घर पहुंचे।जिसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी लगी।

तीन लाख में से मिले सिर्फ 2.36 लाख
बताया गया कि घर पहुंचने के कुछ देर बाद राकेश के दोस्त हैप्पी उर्फ राजीव जैन का फोन आया। उसने 20 हजार रुपये की जरूरत बताई तो राकेश पैसे निकालने के लिए अलमारी तक पहुंचे। अलमारी में रखी नकदी गिनने पर उनके होश उड़ गए। राकेश के मुताबिक, उन्होंने उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे अलमारी में तीन लाख रुपये रखे थे, लेकिन अब वहां सिर्फ 2 लाख 36 हजार रुपये ही मौजूद थे। यानी अलमारी से 64 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद उन्हें घर में चोरी होने का संदेह हुआ।

सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध आवाजाही
नकदी गायब होने के बाद राकेश अवस्थी ने आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पड़ोसी के घर के सामने लगे कैमरे में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक युवक एक्टिवा से उनके घर पहुंचता दिखाई दिया। कुछ मिनट घर के भीतर रहने के बाद वह उसी एक्टिवा से वापस जाता नजर आया। राकेश अवस्थी ने फुटेज में दिखाई दे रहे युवक की पहचान अमित उर्फ लक्की शिवाले के रूप में की है। उनका आरोप है कि पानी लाने के बहाने मिली चाबी का इस्तेमाल कर घर में प्रवेश किया गया और अलमारी से नकदी चोरी की गई।

पुलिस जांच में खुलेगा चोरी का राज
उधर घटना की शिकायत राकेश अवस्थी ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और शिकायत में बताए गए घटनाक्रम के आधार पर जांच की जा रही है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि 64 हजार रुपये की चोरी के पीछे कौन है और घटना को किस तरह अंजाम दिया गया। फिलहाल इस मामले ने शहर में भरोसे के रिश्तों को लेकर चर्चा छेड़ दी है। उधर पुलिस ने उक्त जानकारी की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू होने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here