ढाका: बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) के नेता नाहिद इस्लाम ने कहा है कि भारत और बांग्लादेश का आसमान-जमीन एक नहीं है। नाहिद ने बांग्लादेश में भारत के नवनियुक्त उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के हालिया बयान पर एतराज जताते हुए ये कहा है। त्रिवेदी ने कहा था कि दोनों देश समान आकाश और हवा साझा करते हैं। इस पर बांग्लादेश के विपक्षी दल उखड़े हुए नजर आ रहे हैं। एनसीपी से पहले जमात-ए-इस्लामी की ओर भी इस बयान का विरोध किया जा चुका है। दोनों नेताओं ने भारत विरोधी रुख दिखाने की कोशिश की है।
बांग्लादेश के ग्यारह-दलीय गठबंधन ने शनिवार को चट्टोग्राम में रैली की है। इस रैली में तारिक रहमान की सरकार से जनमत संग्रह के फैसले को लागू करने, जनता की तकलीफों से राहत दिलाने और जरूरी चीजों की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग की गई। इस दौरान भारत से रिश्ते पर भी बयानबाजी देखी गई।भारत पर आक्रामक दिखे नाहिद
रैली में बोलते हुए एनसीपी संयोजक और विपक्ष के मुख्य सचेतक नाहिद इस्लाम ने कहा कि बांग्लादेश सभी देशों के साथ सम्मान और आपसी आदर के आधार पर संबंध चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत का रवैया दोस्ताना नहीं है। सीमा पर हत्याओं, कंटीले तारों की बाड़ और ऊपरी इलाकों से पानी रोके जाने जैसी गतिविधियां संबंधों में अड़चन है।
ढाका में हाल ही में नियुक्त भारतीय उच्चायुक्त की टिप्पणियों का जिक्र करते हुए नाहिद इस्लाम ने कहा, ‘भारत और बांग्लादेश का आसमान या जमीन एक नहीं है। यह सवाल 1947 में ही सुलझ गया था। 1971 में बांग्लादेश ने खुद को एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के तौर पर स्थापित किया और 2024 में लोगों ने फिर साबित किया कि कोई वर्चस्ववादी ताकत इस देश पर कब्जा नहीं कर पाएगी।’










































