भोपाल। दुष्कर्म और ब्लैकमेल का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली युवती के घर में घुसकर पहले उससे दुष्कर्म किया। फिर वीडियो बनाकर वायरल करने का डर दिखाकर छह साल तक उसका शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने पीछा छुड़ाने का प्रयास किया तो धमकाकर शादी कर ली। पीड़िता डर-सहम कर पहले तो सबकुछ सहती रही, पर शादी के बाद उसके सब्र का बांध टूट गया और आरोपित के किराये के कमरे से मौका देखकर भाग निकली।
पीड़िता ने स्पीड पोस्ट के जरिए की शिकायत
वह सीधे स्वजन के पास पहुंची और उन्हें पूरा घटनाक्रम बताया। चूंकि आरोपित उसके पड़ोस में रहता है, इसलिए पीड़िता डर से घर के बाहर नहीं निकली। उसने स्पीड पोस्ट के जरिये महिला थाने में शिकायत भेजी है। मामला संज्ञान में आने के बाद बजरिया थाना पुलिस ने पॉक्सो समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार पीड़िता जब 16 साल की थी, तब पड़ोस में रहने वाला उसके भाई के दोस्त का घर आना-जाना रहता था।










































