सागर। देवरी के भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी पर एक व्यक्ति ने मारपीट का आरोप लगाया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित राजेश शर्मा निवासी ग्राम जमुनिया ने गौरझामर थाने में लिखित शिकायत दी है। आवेदन के मुताबिक वह जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया के साथ रहता है। 13 अप्रैल को वह गौरझामर क्षेत्र के एक बैंक पहुंचा था। बैंक के अंदर एक व्यक्ति ने उसे बताया कि विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया उसे बाहर बुला रही हैं।
पीड़ित का आरोप है कि वह बैंक के बाहर खड़ी सफेद रंग की स्कॉर्पियो के पास पहुंचा, तो प्रियंका पटेरिया ने पहले गाली-गलौज की और फिर जूता उतारकर मारपीट शुरू कर दी। उसने अपनी गलती पूछी तो कहा गया कि वह उनके पिता के खिलाफ काम कर रहा है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।










































