समय ने बहुत कुछ छीना है हमसे, अब क्रोध भी नहीं है, सिर्फ एक आग है… ‘रक्तांचल सीजन 3’ का ट्रेलर शुक्रवार को रिलीज हो गया है और पहले ही कुछ सेकेंड में विजय सिंह के किरदार का यह डायलॉग टोन सेट कर देता है। सच्ची घटनाओं पर आधारित इस वेब सीरीज का करीब दो मिनट का यह ट्रेलर हमें पूर्वांचल के उस खूंखार इलाके में वापस ले जाता है, जहां विजय सिंह और वसीम खान की पुरानी दुश्मनी, दबी हुई नफरत और सत्ता के नए खेल एक बार फिर भड़कने को तैयार हैं। मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज के साथ ही ‘रक्तांचल सीजन 3’ की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।
‘रक्तांचल‘ ओटीटी प्लेटफॉर्म MX प्लेयर की ओरिजिनल क्राइम ड्रामा सीरीज है। कहानी पूर्वी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल इलाके के दो मशहूर माफिया की 1980 के दशक की असल घटनाओं से प्रेरित है। सीरीज में क्रांति प्रकाश झा और निकितिन धीर लीड रोल में हैं। जब 2020 में इसका पहला सीजन और फिर 2022 में दूसरा सीजन रिलीज हुआ था, तब इस सीरीज की हिंसक और राजनीतिक दुनिया ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। अब तीसरे सीजन में बात वर्चस्व से आगे बढ़कर बदले की है।










































