बैठक में बनाई रणनीति, कहा-4 माह से मानदेय अटका, सामग्री की राशि भी नहीं मिली
कर्ज लेकर मध्यान्ह भोजन चला रहीं रसोइया बहनें
किराना दुकानदारों ने भी उधार देने से किया इनकार
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। प्रधानमंत्री शक्ति पोषण आहार योजना के तहत स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन और सांझा चूल्हा संचालित करने वाले स्वसहायता समूहों तथा रसोईया बहनों का चार माह से मानदेय अटका हुआ है। इतना ही नहीं, भोजन तैयार करने में उपयोग होने वाली सामग्री की राशि का भुगतान भी लंबित है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण योजना से जुड़ी रसोईया बहनों और समूह संचालकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।कई रसोईया बहनें ब्याज पर कर्ज लेकर अपना घर चला रही हैं, उधर मध्यान भोजन के लिए अब किराना दुकानदारों ने भी उधार में सामग्री देने से हाथ खड़े कर दिए हैं।उधर बार बार आवेदन निवेदन पर मांग पूरी ना होने से नाराज रसोईया बहनो ने अब सोमवार से अनिश्चिकालीन काम बंद भूख हड़ताल का एलान किया है।जिसकी रणनीति इन रसोईया बहनो ने शनिवार को राष्ट्रीय मूलनिवासी बहुजन कर्मचारी संघ के बैनर तले जय स्तंभ चौक स्थित आम्बेडकर भवन में आयोजित एक बैठक के दौरान बनाई है।जिन्होंने मांग पूरी ना होने पर उनकी यह भूखहड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है।










































