राजा भोज पर कथित टिप्पणी को लेकर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे पर एफआईआर दर्ज,

0

सम्राट राजा भोज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पूर्व सांसद कंकर मुंजारे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पंवार (पोवार) समाज की शिकायत पर थाना कोतवाली बालाघाट में उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गर्रा निवासी एवं जिला पंवार समाज अध्यक्ष विशाल बिसेन ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 13 जून 2026 को बालाघाट में आयोजित ओवरब्रिज लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पूर्व सांसद कंकर मुंजारे द्वारा सम्राट राजा भोज के संबंध में कथित रूप से अपना विडियो बयान जारी किया गया था । विशाल बिसेन का आरोप है कि उक्त टिप्पणी से संबंधित वीडियो और समाचार विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तथा समाचार माध्यमों के जरिए व्यापक रूप से प्रसारित हुए, जिसके बाद पंवार समाज के लोगों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुईं। समाज के लोगों में इस बयान को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया और इसे अपने आराध्य एवं ऐतिहासिक महापुरुष का अपमान बताया गया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कथित टिप्पणी के कारण समाज के विभिन्न वर्गों में नाराजगी का माहौल बना और सामाजिक सद्भाव तथा शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई। इसी आधार पर संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने शिकायत का परीक्षण करने के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अब मामले से जुड़े वीडियो, समाचार सामग्री, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है। उल्लेखनीय है कि गर्रा रेलवे ओवरब्रिज के नामकरण को लेकर पिछले कुछ दिनों से जिले में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद चल रहा है। इस विषय को लेकर पंवार समाज द्वारा विरोध प्रदर्शन, रैली और ज्ञापन सौंपे जाने जैसी गतिविधियां भी सामने आ चुकी हैं। इसी क्रम में समाज की ओर से पूर्व सांसद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर जिले में राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here