वारासिवनी में पेट्रोल डीजल के किल्लत की आशंका पर पंपों में लगी गाडिय़ों की लंबी लाइनें

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी और आसपास के गांवों में पिछले दो दिनों से पेट्रोल और डीजल की भारी कमी हो गई है। इसके कारण आम लोगों को अपनी गाडिय़ों में ईंधन भरवाने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि १४ जून की शाम से ही शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया था। वहीं १६ जून की सुबह तक ज्यादातर अन्य पंपों पर भी पेट्रोल डीजल खत्म होने के बोर्ड लग गए। जैसे ही लोगों को पता चला कि पेट्रोल खत्म हो रहा है तो जिन गिने चुने पंपों पर पेट्रोल मिल रहा था वहां अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी और गाडिय़ों की लंबी लंबी लाइनें लग गईं। पेट्रोल नही मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है जो रोज काम पर जाते हैं या जो किसान और व्यापारी हैं। लोग अपनी गाडिय़ों में ईंधन डलवाने के लिए एक पंप से दूसरे पंप के चक्कर काट रहे हैं। जानकारी के अनुसार पेट्रोल के साथ साथ अब डीजल का स्टॉक भी खत्म होने की कगार पर है। पेट्रोल पंपों पर बताया जा रहा है कि ईंधन की नई खेप आने और सप्लाई सामान्य होने में २ दिन का समय लग सकता है। ऐसी स्थिति में नागरिकों को सलाह दी जा रही है कि वे जरूरत के हिसाब से ही पेट्रोल डीजल का इस्तेमाल करें और फालतू में स्टॉक ना करें। अब लोगो की नजरें पेट्रोल की नई गाड़ी आने पर टिकी हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके। ग्राम खापा के रहने वाले लकेश पटले ने बताया कि वे किसी काम से वारासिवनी आए थे। गाड़ी में पेट्रोल कम होने पर जब वे रामपायली रोड वाले पेट्रोल पंप पर गए तो वहां पेट्रोल खत्म था। इसके बाद वे शास्त्री पेट्रोल पंप पहुंचे लेकिन वहां भी पेट्रोल नहीं मिला। अब वे तीसरे पंप पर आए हैं और यहां भी वही हाल है। उन्होंने कहा कि दो तीन पंप बंद होने से चालू पंपों पर बहुत ज्यादा भीड़ बढ़ गई है और प्रशासन को इसकी तुरंत कोई व्यवस्था करनी चाहिए।
0000000000000000000000

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here