Nauman Niaz On Sooryavanshi: टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दे रहे 15 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के करियर में शुरुआत से ही लोग कुछ ना कुछ सवाल उठाते आए हैं, कभी उनकी उम्र पर तो कभी कुछ और, लेकिन हर चीज का प्रमाण दिया जा चुका है। अब जब वैभव अंडर-19 विश्व कप में धमाल मचाने के बाद आईपीएल 2026 में रोज बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं, तो पाकिस्तान में खलबली मच गई है। हाल में वैभव सूर्यवंशी द्वारा लगाया गया आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक पाकिस्तानी क्रिकेट विशेषज्ञों की आंखों में ऐसा खटका कि एक ने तो गजब का बेतुका बयान दे डाला है। ये हैं पाकिस्तान के क्रिकेट एक्सपर्ट नौमान नियाज।
वैभव सूर्यवंशी ने जब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2026 मैच में 36 गेंदों में शतक लगाया तो क्रिकेट जगत में इस खिलाड़ी की चौतरफा तारीफ हो रही थी, उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया जा रहा था और कई लोग उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर के युवा दिनों से तुलना करने लगे थे। इसी बीच पाकिस्तान के एक क्रिकेट कार्यक्रम ‘स्मैश हिट’ में खुद को क्रिकेट एक्सपर्ट कहने वाले नौमान नियाज ने कह दिया कि वैभव के बल्ले में AI चिप लगी है।
नौमान नियाज ने अपने बयान में वैभव के लिए क्या कुछ कहा?
नौमान नियाज इस कार्यक्रम के दौरान वैभव की बल्लेबाजी पर चर्चा करने के दौरान कहते हैं, “सोचो ज़रा। ये बच्चा है क्या? इसका बल्ला चेक करवाओ। जैसे वाडा डोप टेस्ट करता है, इसे लैब भेजो। शायद इसने अपने बल्ले में एआई चिप का इस्तेमाल किया है। ये अविश्वसनीय है। क्या खिलाड़ी है। मुझे लग रहा था कि वो थोड़ा धीमा खेल रहा है। इससे मुझे सोचने पर मजबूर होना पड़ा कि ये है क्या? जब आप 18 साल के होते हैं, तो आपका शरीर मांसपेशियां, बाइसेप्स और ट्राइसेप्स बनाता है। ये तो सिर्फ 16 साल का है। इसका जन्म तब हुआ था जब विराट कोहली विश्व चैंपियन थे। उसके पास पावर गेम उतना नहीं है जितनी तकनीक है। वह एक कलाई का खिलाड़ी है, साथ ही, अगर आप इसके आर्क को देखें, तो उसने पूरे 360 डिग्री का इस्तेमाल किया।”
बाबर आजम से भी पूछा गया था वैभव को लेकर सवाल
जब वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में ताबड़तोड़ शतक लगाया, तब उसी बीच पाकिस्तान में चल रही पीएसएल (PSL) में बाबर आजम ने भी 40 गेंदों में 50 रन की पारी खेली थी। जब मैच के बाद बाबर से किसी पत्रकार ने ये सवाल पूछा कि भारत में आईपीएल मैच के दौारन 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों में सेंचुरी बनाई है और आपने 40 गेंदों में 50 रन। ऐसे में क्या आपको नहीं लगता कि पाकिस्तान में खेल में बदलाव की जरूरत है।
इस सवाल पर बाबर आजम असहज हो गए और इस सवाल से कन्नी काटने का रास्ता ढूंढने लगे। उन्होंने कहा कि वो इस पर कोई प्रतिक्रिया देना नहीं चाहते। बाबर ने आगे कहा कि मुझे नहीं पता कि आप ये सवाल क्यों पूछ रहे हैं।









































