पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी परेशानी, रेलवे ट्रैक पार कर आवागमन करने को मजबूर विद्यार्थीगण
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी कटंगी मार्ग से ग्राम सरंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव और कीचड़ की समस्या के कारण ग्रामीणों एवं राहगीरों को आवागमन करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंडरब्रिज के भीतर पानी जमा होने और लगातार सीपेज के चलते पैदल चलने वाले ग्रामीणों, साइकिल सवारों तथा विद्यार्थियों के लिए रास्ते से गुजरना मुश्किल हो गया है। स्थिति ऐसी है कि कई लोगों को अंडरब्रिज से निकलने के बजाय रेलवे ट्रैक पार कर दूसरी ओर पहुंचना पड़ रहा है जिससे दुर्घटना का जोखिम बना हुआ है।
दीवारों से सीपेज का पानी भी हो रहा जमा
जानकारी के अनुसार वारासिवनी कटंगी मुख्य मार्ग से ग्राम सरंडी के लिए मार्ग निकलता है। इसी मार्ग पर रेलवे ट्रैक के निर्माण के दौरान रेलवे विभाग के द्वारा अंडरब्रिज का निर्माण किया गया था। अंडरब्रिज के निर्माण के बाद से ही यहां जलभराव की समस्या बनी हुई है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा अंडरब्रिज के भीतर बड़ी मात्रा में पानी एवं कीचड़ जमा हो जाता है। वर्तमान में भी अंडरब्रिज की दीवारों से सीपेज के माध्यम से पानी लगातार अंदर पहुंचकर एकत्रित हो रहा है। इसके अलावा बारिश का पानी भी जमा होने से रास्ते पर कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। वाहनों के आवागमन के दौरान पानी और कीचड़ के छींटे पैदल राहगीरों तथा साइकिल से आने जाने वाले लोगों के कपड़ों पर पड़ते हैं जिससे उन्हें काफ ी परेशानी होती है। यह मार्ग करीब आधा दर्जन गांवों को जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी और अन्य राहगीर इस मार्ग से आवागमन करते हैं। अंडरब्रिज में पानी और कीचड़ जमा होने के कारण मोटरसाइकिल एवं अन्य छोटे.बड़े वाहन तो किसी तरह वहां से निकल जाते हैं लेकिन पैदल चलने वाले और साइकिल सवारों के लिए स्थिति बेहद कठिन बनी हुई है। विशेषकर विद्यार्थियों को स्कूल एवं अन्य कार्यों के लिए आवागमन करते समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंडरब्रिज से निकलना मुश्किल होने पर कुछ ग्रामीण और विद्यार्थी रेलवे ट्रैक पार कर ऊपर से आवागमन करने को मजबूर हैं। ऐसे में रेलवे ट्रैक पर आवागमन करना उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। बताया गया कि अंडरब्रिज में जमा पानी की निकासी के लिए संबंधित विभाग के द्वारा मोटर भी लगाई जाती है लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त मात्रा में पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। पानी की निकासी की व्यवस्था प्रभावी नहीं होने से समस्या बार बार उत्पन्न हो रही है। वहीं पानी के साथ जमा होने वाला कीचड़ भी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। लगातार बनी हुई समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। अंडरब्रिज का उपयोग आसपास के कई गांवों के लोग रोजाना करते हैं ऐसे में यहां जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है। केवल अस्थायी रूप से मोटर लगाकर पानी निकालने के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे पानी अंडरब्रिज में जमा ही ना हो। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अंडरब्रिज का निरीक्षण कर पानी निकासी की बेहतर और स्थायी व्यवस्था बनाने कीचड़ की सफ ाई कराने तथा पैदल राहगीरों एवं विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है।







































