सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में कहां लगा झटका औैर कहां हुई कमाई, पढ़ें पूरा ब्योरा

0

भारतीय शेयर बाजार में पिछले हफ्ते रही जबरदस्त तेजी ने दिग्गजों की वैल्यूएशन में जोरदार उछाल ला दिया है। बीएसई सेंसेक्स 2,034.87 अंक (2.67 प्रतिशत) और एनएसई निफ्टी 616.15 अंक (2.59 प्रतिशत) की बढ़त के साथ बंद हुए। इस रिकॉर्ड तेजी के दम पर देश की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 9 के मार्केट कैपिटलाइजेशन (Mcap) में कुल मिलाकर 2,51,228.75 करोड़ रुपये का भारी इजाफा दर्ज किया गया। बाजार में चौतरफा खरीदारी के माहौल के बीच बैंकिंग, आईटी और टेलीकॉम सेक्टर की कंपनियों ने निवेशकों की झोली भर दी। हालांकि, इस शानदार रिकवरी और तेजी के बीच केवल एक एफएमसीजी दिग्गज ऐसी रही, जिसके मार्केट कैप में गिरावट आई और उसे नुकसान झेलना पड़ा।

बजाज फाइनेंस बना सबसे बड़ा गेनर

पिछले कारोबारी सप्ताह में निवेशकों को सबसे बड़ा फायदा बजाज फाइनेंस लिमिटेड (Bajaj Finance) से मिला। कंपनी का मार्केट कैप 80,345.97 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड छलांग लगाकर 7,10,817.51 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस शानदार बढ़त के पीछे कंपनी के बेहतरीन तिमाही नतीजे रहे। जून तिमाही में बजाज फाइनेंस के एकीकृत शुद्ध लाभ (Consolidated Net Profit) में सालाना आधार पर 28 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके चलते अकेले शुक्रवार को ही कंपनी का शेयर 8 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी के साथ बंद हुआ। बजाज फाइनेंस इस हफ्ते गैनर्स की लिस्ट में सबसे ऊपर रहा।

रिलायंस, एयरटेल और टीसीएस की वैल्यूएशन में भी जोरदार उछाल

अन्य दिग्गज कंपनियों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो भारती एयरटेल (Bharti Airtel) का मार्केट कैप 44,959.50 करोड़ रुपये बढ़कर 12,30,005.63 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईटी सेक्टर की बड़ी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की वैल्यूएशन में 40,414.03 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और यह बढ़कर 8,55,894.78 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) का मार्केट कैप भी 39,447.35 करोड़ रुपये बढ़कर 17,69,108.79 करोड़ रुपये पर जा पहुंचा। इसके अलावा लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का मार्केट कैप 21,096.80 करोड़ रुपये बढ़कर 5,41,844.69 करोड़ रुपये हो गया।

हिंदुस्तान यूनिलीवर को झटका

बैंकिंग और इंश्योरेंस सेक्टर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का मार्केट कैप 10,845.97 करोड़ रुपये बढ़कर 9,47,799.81 करोड़ रुपये हो गया। एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने भी 8,164.73 करोड़ रुपये की बढ़त के साथ 11,52,150.63 करोड़ रुपये का आंकड़ा हासिल किया। एलआईसी (LIC) की वैल्यूएशन 4,427.49 करोड़ रुपये बढ़कर 5,37,435.05 करोड़ रुपये और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) का मार्केट कैप 1,660.37 करोड़ रुपये बढ़कर 10,29,878.30 करोड़ रुपये पर पहुंचा। हालांकि, इन 9 दिग्गजों के विपरीत एफएमसीजी सेक्टर की प्रमुख कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) को नुकसान उठाना पड़ा। कंपनी का मार्केट कैप 10,326.46 करोड़ रुपये घटकर 4,93,602.13 करोड़ रुपये पर आ गया। कुल मिलाकर, हफ्ते भर की तेजी ने बाजार के ज्यादातर बड़े खिलाड़ियों और उनके निवेशकों को खुश होने का बड़ा कारण दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here