इंदौर: पिपल्याहाना स्थित होटल एलेक्स में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली सोनिला शर्मा के प्रेमी दीपक खंडेलवाल ने तिलक नगर थाने में सरेंडर कर दिया। घटना के बाद दीपक मोबाइल बंद कर गायब हो गया था। दीपक ने कहा-सोनिला ने शराब पीकर फांसी लगाई थी।पत्नी को पूछताछ के लिए बुलाया तो पहुंचा थाने
एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेंद्रसिंह के अनुसार नंदा नगर निवासी सोनिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हुई थी और दीपक ही उसको अस्पताल ले गया था। शुक्रवार को पुलिस ने उसकी पत्नी को पूछताछ के लिए बुलाया था। शुक्रवार रात दीपक स्वयं थाने पहुंचा और पूरा घटनाक्रम बताया। दीपक कारोबारी नहीं है।वह पाइप कंपनी में नौकरी करता है।
पत्नी की आपत्ति के बाद बना ली थी दूरी
सोनिला से करीब दो साल पूर्व दोस्ती हुई थी। वह पिंक सिटी(मूसाखेड़ी) स्थित पार्लर में नौकरी करती थी। दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे और अक्सर इसी होटल में मिलने लगे। दो महीने पूर्व दीपक की पत्नी रानू ने आपत्ति ली और सोनिला के घर पहुंच गई। इसके बाद दीपक ने दूरी बना ली लेकिन सोनिला मिलना चाहती थी।
डराने के लिए लगाई फांसी और दब गया गला
- घटना के दिन वह होटल पहुंची और शराब पीने लगी। दीपक को बार बार काल लगाए लेकिन उसने मोबाइल बंद कर लिया। करीब 40 मिनट बाद दीपक पहुंचा था।
- सोनिला ने नशे की अवस्था में दीपक को डराने के लिए फांसी लगाने की कोशिश की। इस दौरान उसका गला दब गया और बेहोश हो गई। दीपक उसको अस्पताल ले गया लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना से घबरा गया और वह शव छोड़ कर भाग गया।










































