कटंगी रोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा गिट्टी से भरा डंपर, टला बड़ा हादसा

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के कटंगी रोड स्थित वार्ड क्रमांक ८ में ७ अगस्त की देर रात करीब १ बजे एक भीषण सडक़ हादसा घटित हुआ। बंडोल सिवनी से गिट्टी भरकर वारासिवनी आ रहा एक डंपर क्रमांक एम. पी ४८ एच ०६६३ सडक़ के मुहाने पर बने डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर सडक़ पर पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि डंपर के सामने के दोनों पहिए, टायर रॉड और शाफ्ट दो जगहों से टूटकर अलग हो गए। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

बाल बाल बचे चालक और वाहन मालिक

दुर्घटना के समय डंपर को ग्राम भमोड़ी तहसील बरघाट जिला सिवनी निवासी चालक महेंद्र कुमार बघेल चला रहे थे। वहीं डंपर मालिक संदीप बनवाले निवासी ग्राम केशला तहसील बरघाट भी वाहन में मौजूद थे। भीषण टक्कर के बावजूद दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर ट्रैक्टर बुलाकर गिट्टी को सडक़ से हटाया गया हालांकि क्षतिग्रस्त डंपर खबर लिखे जाने तक मौके पर ही खड़ा था।

बार बार हो रहे हादसों से बना एक्सीडेंटल स्पॉट

जानकारी अनुसार कटंगी रोड़ का यह स्थान अब एक खतरनाक एक्सीडेंटल स्पॉट में तब्दील हो चुका है। पूर्व में भी इस डिवाइडर पर कार और डंपर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की आधा दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इस ताजा हादसे में डंपर डिवाइडर पर चढ़ गया जिससे डिवाइडर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहां लगी व्हाइट रेडियम संकेतक पट्टी भी पूरी तरह टूट गई। सडक़ के इस स्थान पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने अब सडक़ और डिवाइडर के तकनीकी निर्माण और डिजाइन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बार बार हादसों की पुनरावृत्ति से आक्रोशित जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि इस ब्लैक स्पॉट की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए। ताकि भविष्य में किसी बड़े जान.माल के नुकसान से बचाव हो सके।

यह स्थान धीरे धीरे एक्सीडेंटल स्पॉट बनता जा रहा है-अजय कटरे

ग्रामीण अजय कटरे ने बताया की यहा फि र एक बार डिवाइडर के प्रारंभ में डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया है। यह स्थान धीरे धीरे एक्सीडेंटल स्पॉट बनता जा रहा है इसके पूर्व भी ७ से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी है। यह वार्ड नंबर आठ है इस डिवाइडर से ही टकराकर दुर्घटना होती है इस मार्ग पर यही दुर्घटना होती है। बहुत बुरी तरह डंपर क्षतिग्रस्त हुआ है अच्छा रहा कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया बड़ा हादसा टल गया। इसमें जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को इस स्थान की जांच करनी चाहिए ताकि यह जो बार.बार एक्सीडेंट होते हैं इसका पता लग सके। यह अति व्यस्ततम मार्ग है रात भर चलता है दुर्घटना किसी के भी साथ हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here