कार्तिक पूर्णिमा मेले में जलाये गये टिपुर, पूजा पाठ कर श्रध्दालुओं ने लिया आशीर्वाद

0

रामजीटोला के बालाजी मंदिर में कथापूजन और धार्मिक-सांस्कृतिक ‘धरती के सिंगार’ कार्यक्रम का हुआ आयोजन

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय की ग्राम पंचायत पांढरवानी के अंतर्गत आने वाले ग्राम रामजीटोला स्थित अतिप्राचीन तिरूपति बालाजी मंदिर परिसर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर २४ नवंबर को दिन-रात के मेले का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति के संगम वाले इस आयोजन में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रध्दालु पहुंचे और भगवान बालाजी का दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

सुबह से शुरू हुआ पूजा अर्चना और अभिषेक का दौर

इस मेले के दौरान प्रात: ८ बजे से श्रध्दालुओं ने अपनी मन्नतों के अनुसार पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर श्री सत्यनारायण भगवान की कथा का वाचन और विभिन्न अनुष्ठानों के बाद भगवान बालाजी का अभिषेक किया गया। वहीं शाम ५ बजे कथा पूजन और रात ८ बजे आरती संपन्न हुई। जिसके पश्चात ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों से घी और तेल लाकर मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से पारंपरिक टिपुर (दीपक) प्रज्वलित किये, जिससे पूरा मंदिर परिसर रोशनी से जगमगा उठा। वहीं क्षेत्रभर से पहुंचे श्रध्दालुओं ने बालाजी भगवान की विधि-विधान से पूजा अर्चना कर धर्मलाभ अर्जित किये। साथ ही कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित दिन-रात के मेले के अवसर पर ग्रामीणजनों के रात्रिकालीन मनोरंजन के लिए भोथीपार कला सिंगोला राजनांदगांव (छ.ग.) का धार्मिक-सांस्कृतिक छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच (धरती के सिंगार) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें धार्मिक सांस्कृतिक छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच के गायक विजेन्द्र साहु, नारायण महानंद, गायिका ज्योति यादव, हीना साहू एवं साथी कलाकारों के द्वारा सुवा, कर्मा, ददरिया, पंथी, नाचा, गम्मत सहित देशभक्ति गीतों पर अपनी पारंपरिक और जीवंत छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झांकी के साथ नृत्यों की भव्य प्रस्तुतियां दी गई जो दर्शकों का मनमोह लिया। वहीं इन नृत्यों में कलाकारों का पारम्परिक परिधान, लोक संगीत की मधुर धुने और ओजपूर्ण नृत्य शैली ने समां बांध दिया। साथ ही इस कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति की पारंपरिक और जीवंत झांकी स्पष्ट रूप से देखने को मिली और उपस्थितजनों नेे सुबह तक उक्त कार्यक्रम का आनंद उठाया।

सच्चे मन से बालाजी की आराधना करने पर मनोकामनाएं होती है पूरी

आपकों बता दे कि अति प्राचीन बालाजी मंदिर रामजीटोला में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लालबर्रा क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से श्रध्दालुजन बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान बालाजी की पूजा अर्चना प्रतिवर्ष करते है। साथ ही जो भक्तजन स’चे मन से बालाजी की आराधना करता है उसकी मनोकामनाएं भी पूर्ण होती है। रामजीटोला में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर २४ नवंबर को आयोजित दिन-रात के मेले के अवसर पर ग्रामीणजनों के रात्रिकालीन मनोरंजन के लिए रात १० बजे से धार्मिक-सांस्कृतिक छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच (धरती के सिंगार) भोथीपार कला सिंगोला राजनांदगांव छ.स. का आयोजन किया गया था। यह कार्यक्रम पांढरवानी सरपंच, विधायक प्रतिनिधि अनीस खान के मुख्य आतिथ्य, जनपद सदस्य दीपक कावरे, विधायक प्रतिनिधि शैलेष केकती सहित अन्य समिति पदाधिकारियों के विशेष आतिथ्य एवं मेला समिति अध्यक्ष मनोज यादव की अध्यक्षता में प्रारंभ हुआ। जिसमें सर्वप्रथम उपस्थितजनों ने माँ सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। आयोजित धार्मिक-सांस्कृतिक छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच (धरती के सिंगार)राजनांदगांव छ.ग. के गायक-गायिका के द्वारा सुवा, कर्मा, नाचा, गम्मत, हास्य प्रहसन जैसी विभिन्न विधाओं पर मनमोहक प्रस्तुती दी गई, जिसका उपस्थितजनों ने रातभर लुप्त उठाया। कार्यक्रम को अतिथियों ने संबोधित करते हुए सभी को कार्तिक पूर्णिमा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगामी समय पर इससे भव्य कार्यक्रम मेले में आयोजित किये जाने की बात कही। वहीं श्रध्दालुओं ने बताया कि रामजीटोला स्थित यह बालाजी मंदिर अतिप्राचीन है और मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई आराधना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here