सरकार से मृत बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस विंग के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार शाम ७ बजे नगर मुख्यालय के हृदयस्थल बस स्टैंड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर श्रध्दांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैहर क्षेत्र में बैगा समुदाय के मासूम बच्चों की कुपोषण से हुई असामयिक मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया और मोमबत्ती जलाकर उन्हें भावभीनी श्रध्दांजलि अर्पित की है। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार और प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि बैहर क्षेत्र में लगातार बैगा समुदाय के मासूमों की जान जा रही है, लेकिन शासन-प्रशासन मौतों का वास्तविक आंकड़ा छुपाने में लगा है। आगे कहा कि जब भी भाजपा के मंत्री या वरिष्ठ नेता दौरे पर आते हैं, तो रातों-रात सडक़ों का निर्माण कर दिया जाता है। वहीं दूसरी ओर बीते ६ महीनों से बैहर क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों को उचित पोषण आहार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं तक मुहैया नहीं करवाई जा रही हैं, जो गलत है।
लापरवाह स्वास्थ्य अधिकारियों पर कार्यवाही और मुआवजे की मांग
बैहर क्षेत्र में बैगा समुदाय के बच्चों की लगातार हो रही मृत्यु पर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों ने हाल ही में एक चिकित्सक पर की गई निलंबन की कार्यवाही को महज खानापूर्ति बताया। उन्होंने मांग की कि केवल एक चिकित्सक पर गाज गिराने के बजाय इस स्थिति के लिए जिम्मेदार सभी वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त निलंबन की कार्यवाही करने की मांग की है। साथ ही कांग्रेस ने मृत बच्चों के परिजनों को दी जा रही २०-२० हजार रूपये की सहायता राशि को नाकामी छुपाने वाला और नाकाफी बताया। उन्होंने पीडि़त परिवारों को उचित व सम्मानजनक मुआवजा राशि देने की मांग की मांग है। वहीं कांग्रेस पदाधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार जल्द ही मृत बच्चों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा प्रदान नहीं करती और क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में ठोस सुधार नहीं लाती, तो आगामी दिनों में कांग्रेस पार्टी द्वारा सरकार के खिलाफ सडक़ों पर उतरकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।









































