केरल में सतीशन कैबिनेट में विभागों का बंटवारा हो गया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मंत्रिमंडल आवंटन संबंधी सीएम वी डी सतीशन की सिफारिशों को मंजूरी दे दी है। इस बाबत लोकभवन ने बयान भी जारी कर दिया है। बता दें कि शपथ ग्रहण के दो दिन बाद ही मंत्रियों में विभागों का बंटवारा हो गया है। सतीशन के अलावा मंत्रिमंडल सहयोगियों ने 18 मई को शपथ ग्रहण की थी।सतीशन के पास 35 विभाग
लोक भवन के अनुसार, सतीशन वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह सहित 35 विभागों का कार्यभार संभालेंगे, जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को गृह, सतर्कता और तीन अन्य विभागों की जिम्मेदारी सोंपी गई है।
इन्हें मिले ये विभाग
वहीं, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता पी के कुन्हालीकुट्टी उद्योग और वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप, खनन एवं भूविज्ञान और हथकरघा एवं वस्त्र विभाग की देखरेख करेंगे।लोक भवन ने बताया कि केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख सनी जोसेफ को बिजली, पर्यावरण और संसदीय मामलों का प्रभार दिया गया है, जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता के. मुरलीधरन स्वास्थ्य, देवस्वोम, खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा शिक्षा सहित सात विभागों का नेतृत्व करेंगे।
एन. शम्सुद्दीन सामान्य शिक्षा मंत्री
इनके अलावा, रोजी एम. जॉन उच्च शिक्षा विभाग संभालेंगे, ए पी अनिल कुमार भूमि और राजस्व विभाग के प्रमुख होंगे तथा एन. शम्सुद्दीन सामान्य शिक्षा मंत्री होंगे।
लोक भवन ने बताया कि रेवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के विधायक शिबू बेबी जॉन को वन एवं वन्यजीव संरक्षण और कौशल विकास विभाग सौंपा गया है, जबकि केरल कांग्रेस (जोसेफ) के विधायक मोन जोसेफ सिंचाई, भूजल, जल आपूर्ति, स्वच्छता एवं आवास विभागों के प्रमुख होंगे।
सतीशन कैबिनेट में 20 मंत्री
20 सदस्यीय मंत्रिमंडल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, ए पी अनिल कुमार और केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख सनी जोसेफ शामिल हैं। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के वरिष्ठ नेता पी के कुन्हालीकुट्टी, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) नेता शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस नेता मॉन्स जोसेफ, केरल कांग्रेस (जैकब) नेता अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी (सीएमपी) नेता सी पी जॉन भी शामिल हैं
मंत्रिमंडल में 14 नए चेहरे
मंत्रिमंडल में 14 नए चेहरे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री सतीशन भी शामिल हैं। वह 2001 से परवूर से निर्वाचित हो रहे हैं और पहली बार सरकार में पद संभाल रहे हैं। मंत्रिमंडल में दो महिलाएं और अनुसूचित जाति समुदाय के दो सदस्य शामिल हैं। सीएमपी नेता जॉन और आईयूएमएल नेता एन शम्सुद्दीन, के एम शाजी, पी के बशीर तथा वी ई अब्दुल गफूर भी मंत्रिमंडल में नए चेहरों में शामिल हैं। कांग्रेस नेता पी सी विष्णुनाध, रोजी एम जॉन, बिंदु कृष्णा, टी सिद्दीकी, के ए तुलसी और ओ जे जनीश भी पहली बार मंत्री बने हैं।










































