नई दिल्ली: एफआईएच प्रो लीग के अपने आखिरी मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए इंग्लैंड को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराया। ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में निर्धारित 60 मिनट में कोई भी टीम कोई गोल नहीं कर सकी, जिसके बाद मैच का फैसला शूटआउट के जरिए हुआ। भारत की ओर से अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा और हार्दिक सिंह ने शूटआउट में गोल दागा। वहीं, बेहतरीन डिफेंडर की भूमिका निभाने वाले संजय को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
धीमी रही मैच की शुरुआत
मैच की शुरुआत इंग्लैंड ने आक्रमक अंदाज में की। पहले ही क्वार्टर में मेजबान टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर मोहित शशिकुमार ने शानदार बचाव करते हुए टीम को शुरुआती झटके से बचा लिया। उन्होंने लगातार कई बेहतरीन सेव किए और इंग्लैंड के खिलाड़ियों को गोल करने का मौका नहीं दिया। भारत की ओर से पहले क्वार्टर में सबसे अच्छा मौका अभिषेक को मिला, लेकिन वह भी इसे गोल में तब्दील करने में नाकाम रहे। पहले क्वार्टर में दोनों टीमों का स्कोर 0-0 रहा।हाफ टाइम तक भी नहीं लगा गोल
दूसरे क्वार्टर में भी इंग्लैंड ने भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाने की कोशिश की। इंग्लैंड ने कई बार भारतीय डी में प्रवेश किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने हर चुनौती का मजबूती से सामना किया। दूसरी ओर भारत ने भी जवाबी हमला किया। जरमनप्रीत सिंह ने शानदार शॉट खेल गोल करने का प्रयास किया लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर ने बेहतरीन बचाव करते हुए भारत को बढ़त लेने से रोक दिया। हाफ टाइम तक दोनों टीमों की ओर से कई प्रयास किए गए लेकिन किसी को भी सफलता हाथ नहीं लगी।
लगातार मौके हाथ से गए
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अधिक आक्रामक खेल दिखाया। कप्तान हार्दिक सिंह ने मिडफील्ड से शानदार दौड़ लगाते हुए अटैक किया और मंदीप सिंह के लिए अच्छा मौका तैयार किया, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर ने फिर बेहतरीन बचाव किया। हार्दिक ने मैच पर असर डालना जारी रखा और 37वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर दिलाया, लेकिन अमनदीप लाकड़ा इसे गोल में नहीं बदल पाए।








































