पिकअप में क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाए जा रहे तीन बैल मुक्त
महाराष्ट्र के कत्लखाने ले जाने की थी तैयारी
पिकअप वाहन जप्त ; एक आरोपी गिरफ्तार: दूसरे के खिलाफ भी मामला दर्ज
बालाघाट। खैरलांजी पुलिस ने गोवंश की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन बैलों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बोलेरो पिकअप वाहन को पुलिस ने जप्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है वहीं वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुक्त कराए गए तीनों बैलों को सुरक्षित देखभाल के लिए गौशाला भेजने की व्यवस्था की गई है।
खैरलांजी पुलिस के मुताबिक 22 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप वाहन में तीन बैलों को ठूंस-ठूंसकर और क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र राज्य के कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना में बताया गया था कि वाहन खैरलांजी क्षेत्र से होकर महाराष्ट्र की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई और पुलिस टीम को रवाना किया।पुलिस टीम ने खैरलांजी से किन्ही रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध बोलेरो पिकअप वाहन को रोक लिया। वाहन के बाहर हरे रंग की जालीदार मैटी बंधी हुई थी। पुलिस ने जब वाहन की जांच के लिए जाली खोलकर अंदर देखा तो उसमें तीन बैल बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। बैलों को इस तरह से वाहन में रखा गया था कि उन्हें पर्याप्त जगह और आराम नहीं मिल पा रहा था। तीनों मवेशी चोटिल अवस्था में पाए गए।
इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम नितिन पिता सोम पारधी 28 वर्ष ग्राम जुनी गली माता वार्ड, डोरली.थाना तुमसर, जिला भंडारा (महाराष्ट्र) निवासी बताया। पुलिस द्वारा मवेशियों के परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक नितिन पारधी ने पुलिस को बताया कि उक्त तीनों बैल इमारचंद तुरकर ग्राम साकड़ी थाना सिहोरा जिला भंडारा (महाराष्ट्र)निवासी के कहने पर बोलेरो पिकअप वाहन से महाराष्ट्र राज्य के कत्लखाने ले जाए जा रहे थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने इमारचंद तुरकर को भी इस मामले में आरोपी बनाया है।पुलिस ने इस प्रकरण में आरोपी नितिन पारधी एवं इमारचंद तुरकर के विरुद्ध मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 9, मध्यप्रदेश कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4 एवं 6 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने वाहन चालक नितिन पारधी को गिरफ्तार कर लिया है तथा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को जप्त कर लिया है।वहीं पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मुक्त कराए गए तीनों बैलों की सुरक्षा एवं देखभाल को ध्यान में रखते हुए उन्हें गौशाला कच्चेंखनी भिजवाने की व्यवस्था की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।







































