पिता को पॉलीथिन और बिस्तर में रस्सी से बांधा, फिर पेट्रोल डालकर लगा दी आग लगा

0

80 वर्षीय पिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने ले आरोप में पुत्र गिरफ्तार
बेटी को संपत्ति में हिस्सा और पिता की पेंशन देना बेटे को नहीं था मंजूर,
सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, फरार आरोपी बेटा अनिल खोब्रागढ़े गिरफ्तार
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।बेटी को पिता की संपत्ति में हिस्सा देना और उसे पेंशन सहित शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना एक कुपूत बेटे को इतना नागवार गुजरा कि उसने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपने ही 80 वर्षीय पिता को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम सोगालपुर में हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात में पुलिस ने फरार आरोपी बेटे अनिल खोब्रागढ़े को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पिता को पॉलीथिन और बिस्तर में रस्सी से बांधकर पेट्रोल छिड़का और आग के हवाले कर दिया था। घटना के बाद से वह पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए फरार था। पीएम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।

14 नवंबर को घर के कोने में मिला था अधजला शव
ज्ञात हो कि 14 नवंबर को लांजी थाना पुलिस को ग्राम सोगालपुर में घर के एक कोने में डुडेश्वर पिता टीकाराम खोब्रागढ़े (80) का अधजला शव मिला था। बुजुर्ग की इस संदिग्ध मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। शुरुआती जांच में मामला सामान्य आगजनी का नहीं, बल्कि हत्या का प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए एफएसएल जांच कराई। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच की कड़ियां जुड़ने के बाद पुलिस को हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और संपत्ति का कारण सामने आया।

विवाद के बाद पिता को बनाया आग का शिकार
बताया गया कि 13 नवंबर की रात भी इसी बात को लेकर अनिल का अपने पिता डुडेश्वर से विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अपने ही पिता की हत्या की साजिश को अंजाम दे दिया। उसने पिता को पॉलीथिन और बिस्तर में रस्सी से बांधा, फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस अमानवीय वारदात में 80 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। अगले दिन सुबह जब बेटी रोजाना की तरह पिता को नाश्ता देने घर पहुंची तो वहां पिता का अधजला शव पड़ा मिला। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया था।

5 दिन बाद पुलिस के हाथ लगा आरोपी
बताया गया कि घटना के बाद लांजी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साक्ष्यों और तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू की। पीएम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों के बयानों से मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे अनिल खोब्रागढ़े को चिन्हित किया। लगातार तलाश के बाद रविवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अपने ही पिता की निर्मम हत्या के इस मामले में बेटे की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जिस पिता ने बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी बेटे ने संपत्ति में बेटी के हिस्से और पिता की पेंशन को लेकर उपजे विवाद में उनकी जिंदगी छीन ली।

बेटी को हिस्सा देने और पेंशन दिलाने से था नाराज पुत्र- दीपक तोमर
मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान लांजी एसडीओपी दीपक तोमर ने बताया कि आरोपी अनिल खोब्रागढ़े अपने पिता से इस बात को लेकर नाराज रहता था कि वे अपनी संपत्ति में से बेटी को हिस्सा देना चाहते थे। इतना ही नहीं, पिता द्वारा बेटी को पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने की बात भी उसे खटकती थी। इसी नाराजगी के चलते वह पिता को नाश्ता और भोजन देने आने वाली अपनी बहन के साथ-साथ बड़े भाई को भी ऐसा करने से मना करता था। परिवार में इस बात को लेकर आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती थी।उसी ने ही पिता को बिस्तर में बांधकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी।जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई थी।इस मामले में आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है वैधानिक कार्यवाही जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here